हरियाणा के साथ सटे कसौली जंगल में आग, सेना और वायुसेना ने संभाला मोरचा, हेलीकॉप्टर से चार बार एयर डंपिंग

कसौली के मनोन जंगल में भीषण आग लगने के बाद सेना और वायुसेना ने राहत अभियान चलाया। हेलीकॉप्टर से चार बार एयर डंपिंग कर आग बुझाने की कोशिश की गई।

हरियाणा के साथ सटे कसौली जंगल में आग,  सेना और वायुसेना  ने संभाला मोरचा, हेलीकॉप्टर से चार बार एयर डंपिंग

➤ कसौली के मनोन जंगल में भड़की भीषण आग
➤ सेना और वायुसेना की टीमों ने शुरू किया राहत अभियान
➤ हेलीकॉप्टर से चार बार पानी गिराकर आग बुझाने की कोशिश


हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल कसौली के मनोन गांव क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाद जंगल में भीषण आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शाम सात बजे तक हालात बेकाबू बने रहे। आग तेजी से फैलते हुए नीचे जंगल से अपर मॉल क्षेत्र तक पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कसौली के जंगल में शाम के वक्त भड़की भीषण आग।

कुछ ही समय में जंगल का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। चारों तरफ घना धुआं फैल गया और दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई देने लगीं। तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग लगातार फैलती रही, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी मुश्किलें बढ़ गईं।

स्थिति गंभीर होते देख सेना, वायुसेना और कैंटोनमेंट बोर्ड की फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। करीब 200 से अधिक सेना के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जंगल में आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वायुसेना के जवान भी लगातार राहत कार्य में जुटे रहे।

कसौली के जंगल में शाम के वक्त भड़की भीषण आग।

भीषण आग पर काबू पाने के लिए वायुसेना का हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया। हेलीकॉप्टर ने चंडी मंदिर क्षेत्र से पानी भरकर चार बार एयर डंपिंग की और आग बुझाने का प्रयास किया। इससे आग पर कुछ हद तक नियंत्रण जरूर पाया गया, लेकिन देर रात तक आग पूरी तरह बुझ नहीं सकी।

सेना के अधिकारियों के अनुसार, हालात पूरी तरह सामान्य होने तक क्षेत्र में रातभर निगरानी जारी रखी जाएगी, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। अधिकारियों ने बताया कि आग तेजी से फैलने की वजह सूखी झाड़ियां और तेज हवाएं रहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोन गांव क्षेत्र में गर्मियों के दौरान हर साल जंगल में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि सेना और राहत दल समय पर मौके पर नहीं पहुंचते, तो आग रिहायशी इलाकों तक पहुंच सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।

फिलहाल राहत और बचाव दल लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से जंगल वाले इलाकों से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।