हरियाणा के कलियुगी बेटे ने मकान हड़पने के लिए मां पर किया जानलेवा हमला
करनाल के रामनगर में संपत्ति विवाद के चलते बेटे ने अपनी मां का गला दबाकर मारने की कोशिश की। छोटे भाई, बहू और बच्चों को भी लोहे की रॉड से पीटा। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ करनाल में बेटे पर मां को गला दबाकर मारने की कोशिश का आरोप
➤ छोटे भाई, बहू और बच्चों को लोहे की रॉड से पीटा
➤ मकान अपने नाम करवाने के दबाव में दी गई वारदात को अंजाम
हरियाणा के करनाल के रामनगर इलाके में पारिवारिक संपत्ति विवाद खौफनाक हिंसा में बदल गया। न्यू ज्योति नगर निवासी एक बुजुर्ग महिला ने अपने बड़े बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका बेटा मकान को अपने नाम करवाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था और विरोध करने पर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा कुलदीप और छोटा बेटा प्रवीन है। सुनीता के अनुसार, वह मकान बेचना चाहती थी ताकि रकम दोनों बेटों में बराबर बांटी जा सके। लेकिन बड़ा बेटा कुलदीप इस मकान को अपने नाम करवाने की जिद पर अड़ा हुआ था।
सुनीता ने कहा कि जब वह घर पर अकेली थी, तो कुलदीप ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान उसने किसी तरह जान बचाई। इसके बावजूद 2 सितंबर 2025 को कुलदीप ने दोबारा यही मांग दोहराई और इनकार करने पर फिर से उसका गला दबाया। इस दौरान छोटे बेटे प्रवीन, बहू कविता और बच्चों ने छुड़ाने की कोशिश की तो कुलदीप ने लोहे की रॉड उठाकर सब पर हमला कर दिया।
आरोप है कि कुलदीप ने अपनी पत्नी कविता को कमरे में बंद कर दिया और मां, भाई व बच्चों को बेरहमी से पीटा। इस घटना में सभी को गंभीर चोटें आईं। सुनीता ने आशंका जताई है कि उसका बेटा कभी भी उसकी जान ले सकता है। उसने पुलिस से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शिकायत के आधार पर थाना रामनगर पुलिस ने आरोपी बेटे कुलदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरजीत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।