करनाल में रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, जमीन विवाद में कार्रवाई के बदले मांगे थे ₹20 हजार, ACB ने रंगे हाथों दबोचा
करनाल के कुंजपुरा थाना में तैनात ASI अनुज को ACB ने ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जमीन विवाद में कार्रवाई के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
➤ जमीन विवाद में कार्रवाई के बदले ₹20 हजार रिश्वत मांगने का आरोप
➤ ₹10 हजार लेते हुए ACB ने ASI अनुज को रंगे हाथों गिरफ्तार किया
➤ शिकायतकर्ता का दावा, एक दिन पहले भी ₹10 हजार ले चुका था आरोपी
करनाल के कुंजपुरा थाना में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) अनुज को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन के रास्ते के विवाद में कार्रवाई करने और मामले का निपटारा कराने के बदले उसने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और आरोपी पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस मामले में ACB की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ASI अनुज करीब दो महीने पहले ही हेड कांस्टेबल (HC) से पदोन्नत होकर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर बना था। उसकी तैनाती कुंजपुरा थाना में थी, जहां यह कार्रवाई की गई।
पहले ₹50 हजार मांगे, बाद में ₹20 हजार में हुआ समझौता
रिंडल गांव के शिकायतकर्ता ऋषिपाल ने बताया कि गांव में जमीन के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत देकर मौके पर जांच की मांग की थी, लेकिन संबंधित पुलिस अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआत में ₹50 हजार रिश्वत की मांग की गई थी, लेकिन बाद में गांव के लोगों के दबाव के बाद ₹20 हजार में मामला तय किया गया।
दो किश्तों में ली गई रिश्वत
शिकायतकर्ता ऋषिपाल का आरोप है कि आरोपी ASI ने रिश्वत की रकम दो किश्तों में ली। पहली बार ₹10 हजार एक दिन पहले दिए गए, जबकि दूसरी किश्त के रूप में ₹10 हजार आज दिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों बार पैसे कुंजपुरा थाना के रसोईघर में आरोपी को सौंपे गए। इसके बावजूद आरोपी लगातार कार्रवाई टालता रहा और मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
जब शिकायतकर्ता को यकीन हो गया कि आरोपी रिश्वत लिए बिना कार्रवाई नहीं करेगा, तो उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर ACB ने पूरी योजना तैयार की और आज आरोपी ASI अनुज को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी विवादों में रहा है थाना
जानकारी के मुताबिक, कुंजपुरा थाना पहले भी रिश्वतखोरी के मामलों को लेकर चर्चा में रह चुका है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी थाने के दो अधिकारी रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
Akhil Mahajan