हरियाण में एक और दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन की मौत

हरियाणा के झज्जर में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराने पर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दो घायल और एक बच्ची गंभीर, सभी को रोहतक PGI रेफर किया गया।

हरियाण में एक और दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन की मौत

  • झज्जर में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

  • तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो गंभीर घायल रोहतक PGI रेफर

  • सड़क किनारे खड़ी बच्ची भी घायल, मौके पर मची अफरातफरी


हरियाणा के झज्जर जिले में शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक बच्ची के सिर पर भी पत्थर लगा, जिससे वह घायल हो गई। सभी घायलों को रोहतक PGI रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लालचंद (62), उसकी पत्नी निंबो (58) और परिवार के सदस्य छगन (38) के रूप में हुई है। जबकि घायल अंकित और उसके पिता अमर सिंह हैं। ये सभी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके के निवासी थे। परिवार महेंद्रगढ़ जिले के झगड़ौली गांव में एक रिश्तेदार की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त करने गया था और दिल्ली लौटते समय झज्जर के हसनपुर गांव के पास हादसा हुआ। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना प्रतीत हो रही है। कार के परखच्चे उड़ने से टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रत्यक्षदर्शी सरला देवी ने बताया कि हादसे के समय एक साल की बच्ची परी सड़क किनारे खेल रही थी। टक्कर के दौरान एक पत्थर उछलकर उसके सिर में जा लगा, जिससे वह घायल हो गई। डॉक्टरों ने उसे भी रोहतक PGI रेफर कर दिया।


सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हसनपुर गांव के पास हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला सहित तीन लोगों की मौत हुई है। दो घायलों और घायल बच्ची को इलाज के लिए PGI भेजा गया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।