देवीलाल परिवार में शादी, जयदिव्यन-साक्षी ने लिए सात फेरे हनुमानगढ़ में हुआ जयदिव्यन और जज साक्षी का विवाह
देवीलाल परिवार के परपोते जयदिव्यन चौटाला ने राजस्थान के हनुमानगढ़ में जज साक्षी भाम्भू से शादी की। समारोह में सुनैना चौटाला, रवि चौटाला और अभय चौटाला समेत परिवार ने आशीर्वाद दिया।
■ देवीलाल परिवार के परपोते जयदिव्यन और जज साक्षी भाम्भू ने हनुमानगढ़ में लिए सात फेरे
■ सुनैना चौटाला, रवि चौटाला और अभय चौटाला ने स्टेज पर दिया आशीर्वाद
■ सिरसा से करीब 100 बराती पहुंचे, चौटाला परिवार की चौथी पीढ़ी की शादी चर्चा में
हरियाणा के चर्चित देवीलाल परिवार में एक और बड़ी पारिवारिक खुशखबरी सामने आई है। पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल के परपोते जयदिव्यन चौटाला ने राजस्थान की जज साक्षी भाम्भू के साथ शादी कर ली है। दोनों ने सोमवार रात राजस्थान के हनुमानगढ़ में परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
शादी समारोह की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें स्टेज पर बैठे दूल्हा-दुल्हन को इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, रवि चौटाला और इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला अपनी पत्नी के साथ आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं। देवीलाल परिवार की चौथी पीढ़ी की यह शादी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।जानकारी के अनुसार सिरसा के चौटाला गांव से करीब 100 लोगों की बारात राजस्थान के हनुमानगढ़ के लिए रवाना हुई थी। शादी समारोह में मुख्य रूप से परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
शादी की रस्में पूरी होने के बाद बराती अल सुबह वापस सिरसा लौट आए। पूरे समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खुशियों का माहौल बना रहा।
शादी की तस्वीरों में दुल्हन साक्षी भाम्भू अपनी सास सुनैना चौटाला के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए भी नजर आईं। वहीं मंच पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देते दिखे।
शादी के दौरान आतिशबाजी और पारंपरिक रस्मों के साथ समारोह का आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
जयदिव्यन और साक्षी की सगाई राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव डबली रैठाना में हुई थी। इसके बाद 9 मार्च को शादी की तारीख तय की गई।
शादी से पहले 7 मार्च को सिरसा के चौटाला गांव में प्रीतिभोज आयोजित किया गया था, जिसमें जिले और प्रदेशभर से कई नेता, कार्यकर्ता और परिचित शामिल हुए।
इसके अलावा 8 मार्च को परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में अन्य पारिवारिक रस्में भी निभाई गईं। इससे पहले सुनैना चौटाला ने हिसार के दौलतपुर स्थित अपने मायके में भात भरने की रस्म भी पूरी की थी।
जयदिव्यन चौटाला ने आईएमटी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। फिलहाल वह परिवार का बिजनेस संभाल रहे हैं।
वहीं उनकी पत्नी साक्षी भाम्भू राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारी हैं और न्यायिक परीक्षा पास कर कम उम्र में जज बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं। पढ़ाई के दौरान वह कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर पर गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुकी हैं।
shubham