आज भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल, टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका अहमदाबाद में खिताबी जंग, भारत जीतता है तो बनेगा नया रिकॉर्ड वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से नहीं जीता भारत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल खेला जाएगा। भारत जीतता है तो लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच सकता है।
■ भारत-न्यूजीलैंड के बीच आज टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल
■ भारत जीता तो लगातार दूसरा खिताब और नया इतिहास
■ वर्ल्ड कप में अब तक न्यूजीलैंड से नहीं जीत सका भारत
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला आज खेला जाएगा, जब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। यह फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। मुकाबला बेहद खास इसलिए भी है क्योंकि अगर टीम इंडिया जीतती है, तो वह लगातार दूसरा टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी।
भारत अब तक दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत चुका है और यह उसका चौथा फाइनल है। वहीं न्यूजीलैंड दूसरी बार खिताबी मुकाबले में पहुंचा है। कीवी टीम को अब भी अपनी पहली टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का इंतजार है। इससे पहले 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।
दिलचस्प बात यह है कि टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत अब तक न्यूजीलैंड को नहीं हरा सका है। दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में अब तक तीन मुकाबले हुए और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की। ये मैच 2007, 2016 और 2021 में खेले गए थे। 2016 में तो कीवी टीम ने भारत में ही टीम इंडिया को मात दी थी।
हालांकि टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 और न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं। एक मुकाबला टाई रहा। भारत ने दो मैच सुपर ओवर में जीते, जबकि एक मैच बारिश के कारण टाई रहा।
इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां दोनों के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की थी। इस सीरीज में कई बड़े स्कोर बने और एक मैच में भारत ने 271 रन तक बना दिए थे।
इस फाइनल में भारत के पास चार बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका है। अगर टीम इंडिया जीतती है तो वह तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बनेगा। साथ ही लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाला भी पहला देश होगा। इसके अलावा भारत अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली होस्ट टीम भी बन सकता है।
इस टूर्नामेंट में ईशान किशन भारत के टॉप स्कोरर रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 263 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रन रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट में दो अर्धशतक भी लगाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 242 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मैचों में 13 विकेट लिए हैं और आज एक विकेट लेकर वे टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर बन सकते हैं।
वहीं न्यूजीलैंड की ओर से फिन एलन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 8 मैचों में 289 रन बनाए हैं और सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने 11 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।
फाइनल मुकाबला बैटिंग फ्रेंडली पिच पर खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस मैच के लिए फ्रेश पिच तैयार की गई है, जिसमें लाल और काली मिट्टी का मिश्रण है। यहां स्पिन कम मिलेगी, लेकिन पेस और बाउंस अच्छा रहेगा, जिससे बल्लेबाजों को फायदा हो सकता है।
अहमदाबाद में अब तक 14 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें 8 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम ने और 5 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। इस मैदान पर 234 रन सबसे बड़ा स्कोर है, जो भारत ने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था।
मौसम की बात करें तो अहमदाबाद में रविवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में यह 23 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। फिर भी ICC ने फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है। अगर किसी कारण से मैच पूरा नहीं हो पाता तो 9 मार्च को मुकाबला खेला जाएगा।
फाइनल देखने के लिए महेंद्र सिंह धोनी समेत कई दिग्गज अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। साथ ही ICC चेयरमैन जय शाह भी स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम साइफर्ट, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर, कोल मैकॉन्ची, मैट हेनरी, जिमी नीशम, लॉकी फर्ग्यूसन
shubham