IIT रोपड़ की रिसर्च छात्रा ने प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप
IIT रोपड़ की रिसर्च छात्रा ने प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद आरोपी प्रोफेसर को फोर्स लीव पर भेज दिया गया
■ IIT रोपड़ की रिसर्च छात्रा ने प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप
■ ट्रिप पर अकेले साथ चलने का दबाव बनाने और धमकी देने का दावा
■ शिकायत के बाद आरोपी प्रोफेसर को फोर्स लीव पर भेजा गया
पंजाब के रोपड़ स्थित IIT रोपड़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। संस्थान की एक रिसर्च छात्रा ने अपने गाइड प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, धमकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले के सामने आने के बाद संस्थान और पुलिस प्रशासन दोनों हरकत में आ गए हैं।
पीड़िता का आरोप है कि प्रोफेसर उसे रिसर्च ट्रिप पर अकेले साथ चलने के लिए मजबूर करता था। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे रिसर्च प्रोग्राम से बाहर करने की धमकी दी गई। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ शारीरिक उत्पीड़न और मारपीट की गई।
मामले को लेकर रोपड़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के बयान के आधार पर जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
छात्रा के अनुसार, प्रोफेसर कई तरह की अनुचित मांगें करता था। जब उसने उन मांगों को मानने से इनकार कर दिया तो उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया गया। पीड़िता ने दावा किया कि उसे मानसिक दबाव में रखने की कोशिश भी की गई।
घटना के बाद IIT रोपड़ प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर को दो महीने की फोर्स लीव पर भेज दिया है। संस्थान के निदेशक राजीव आहूजा ने बताया कि 29 अप्रैल को शिकायत मिलते ही मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई थी। साथ ही केस को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
संस्थान की आंतरिक शिकायत समिति ने छात्रा की सुरक्षा और पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए 24 घंटे के भीतर अंतरिम राहत देने की बात कही है। हालांकि छात्रा ने संस्थान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
पीड़िता का आरोप है कि उसे गाइड बदलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उसने यह भी दावा किया कि उसे देर रात बुलाकर बयान देने का दबाव बनाया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की औपचारिक जांच कर रही है और संस्थान की आंतरिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।
pooja