HTET परीक्षा स्थगित, 2.45 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET-2025 परीक्षा को स्थगित कर दिया है। 13-14 जून को प्रस्तावित परीक्षा अब नई तारीखों पर होगी। इससे 2.45 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ गया है।
- HTET-2025 परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई
- 13-14 जून को प्रस्तावित परीक्षा अब नई तारीखों पर होगी
- 2.45 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार और बढ़ा
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET-2025) का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने 13 और 14 जून को प्रस्तावित एचटेट परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
गौरतलब है कि तत्कालीन बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने 25 मई को परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की थी। उनके अनुसार एचटेट परीक्षा का आयोजन 13 और 14 जून को तीन अलग-अलग सत्रों में किया जाना था। हालांकि इसके बाद बोर्ड में नेतृत्व परिवर्तन हुआ और शंकर धुप्पड़ को नया चेयरमैन नियुक्त किया गया।
27 मई को पदभार संभालने के महज दो दिन बाद ही नए चेयरमैन शंकर धुप्पड़ ने परीक्षा को पोस्टपोन करने का फैसला लिया। उन्होंने परीक्षा स्थगित होने की पुष्टि तो की, लेकिन इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की। उन्होंने कहा कि नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
इस फैसले का सीधा असर उन करीब 2.45 लाख अभ्यर्थियों पर पड़ेगा, जिन्होंने एचटेट-2025 के लिए आवेदन किया है। इनमें प्राइमरी टीचर, टीजीटी और पीजीटी स्तर के उम्मीदवार शामिल हैं। लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार अब और बढ़ गया है।
डॉ. पवन शर्मा द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में कई सख्त नियम लागू किए जाने थे। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, अंगूठे के निशान, मेटल डिटेक्टर जांच और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा 20 से अधिक प्रश्न खाली छोड़ने पर परीक्षा रद्द करने का प्रावधान भी प्रस्तावित किया गया था।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया था कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी हुई है, उन्हें एचटेट परीक्षा ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा ताकि दोनों व्यवस्थाओं पर असर न पड़े।
एचटेट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच पूरी हुई थी। परीक्षा के माध्यम से प्राथमिक शिक्षक (PRT), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और स्नातकोत्तर शिक्षक (PGT) बनने की पात्रता निर्धारित की जाती है।
अब लाखों उम्मीदवारों की निगाहें शिक्षा बोर्ड के अगले फैसले पर टिकी हैं। अभ्यर्थी नई परीक्षा तिथियों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
Akhil Mahajan