हिसार मॉर्च्युरी में महिला के शव को चूहों ने कुतरा, परिजनों का हंगामा
हिसार सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने का आरोप लगा है। पोस्टमॉर्टम से पहले शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हंगामा किया।
- हिसार सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरने का आरोप
- पोस्टमॉर्टम से पहले शव के माथे की खाल गायब मिलने पर परिजनों ने किया हंगामा
- डिलीवरी के बाद बिगड़ी थी हालत, रास्ते में हुई मौत; इलाज में लापरवाही के भी आरोप
हरियाणा के हिसार सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखे एक महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने के आरोप के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने शव की हालत देखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि महिला के माथे की खाल गायब थी और शव के आसपास चूहे घूमते दिखाई दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार मृतका कोमल (25) की हांसी के सरकारी अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में हिसार रेफर किया गया। हालांकि हिसार पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को हिसार सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया था। रविवार को पोस्टमॉर्टम होना था।
परिजनों का कहना है कि जब वे सुबह मॉर्च्युरी पहुंचे तो वहां डीप फ्रीजर के आसपास चूहे और अन्य जीव घूमते दिखाई दिए। जब शव को बाहर निकाला गया तो महिला के माथे पर बड़ा घाव जैसा निशान दिखाई दिया। परिवार का आरोप है कि महिला को किसी प्रकार की बाहरी चोट नहीं लगी थी, लेकिन अब माथे की त्वचा गायब थी।
मृतका के भाई तरुण ने आरोप लगाया कि कोमल की पहली डिलीवरी के लिए उसे हांसी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव के बजाय सिजेरियन ऑपरेशन किया। परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान एक नस कट गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
तरुण के अनुसार जब डॉक्टरों से स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो कोमल को हिसार रेफर कर दिया गया। परिवार उसे एंबुलेंस के माध्यम से हिसार लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में रामायण टोल के पास उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया।
मृतका के पति सुभाष ने भी इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डिलीवरी के बाद कोमल लगातार दर्द से परेशान थी और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। जब उन्होंने डॉक्टरों को स्थिति बताई तो उन्हें आश्वासन दिया गया कि घबराने की जरूरत नहीं है। बाद में हालत बिगड़ने पर उसे हिसार रेफर कर दिया गया।
सुभाष ने बताया कि शनिवार रात कोमल ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया था। शादी के करीब छह साल बाद परिवार में यह पहली संतान आई थी। लेकिन बच्ची के जन्म के कुछ घंटों बाद ही कोमल की मौत हो गई। इससे पूरा परिवार सदमे में है।
परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की जेठानी रूबी नवजात बच्ची को गोद में लेकर बार-बार यही सवाल पूछ रही थीं कि अब इस बच्ची की परवरिश कौन करेगा। परिजनों का कहना है कि कोमल मां बनने को लेकर बेहद उत्साहित थी और अपने बच्चे को लेकर कई सपने देख रही थी।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजन शव की स्थिति और इलाज में कथित लापरवाही दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
Akhil Mahajan