हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में तेज बारिश: ओलावृष्टि का अलर्ट, सड़कों पर जलभराव
हरियाणा में मौसम अचानक बदल गया है। कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। 19-20 मार्च को ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
■ हिसार-सिरसा समेत कई जिलों में तेज बारिश, हवाएं भी तेज
■ नारनौल में सड़कों पर पानी भरा, ट्रैफिक प्रभावित
■ 19-20 मार्च को ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान में गिरावट
हरियाणा में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज धूप थी, वहीं दोपहर बाद हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश शुरू हो गई। हिसार, सिरसा, भिवानी, नारनौल और महेंद्रगढ़ समेत कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। नारनौल में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। वहीं, डबवाली और फतेहाबाद में भी मौसम खराब रहा और हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवा चली।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है, जिसकी वजह पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी है। विभाग ने अगले 2 घंटों के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
अलर्ट के दायरे में कैथल, जींद, पानीपत, रोहतक, चरखी दादरी, रेवाड़ी सहित कई जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हो सकती है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है।
प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। सबसे ठंडा स्थान सिरसा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, हिसार में तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री नीचे 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखी गई है। हालांकि नूंह में तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 3 दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा।
Akhil Mahajan