हरियाणा में बदला स्कूलों का समय:अब डेढ घंटे देरी से खुलेंगे, डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में भी बदलाव, जानें
हरियाणा में स्कूलों का समय 15 नवंबर से बदलकर सुबह 9:30 से दोपहर 3:30 बजे तक कर दिया गया है। निजी स्कूलों पर सख्ती, जींद में प्रदूषण के चलते छुट्टियां घोषित।
-
हरियाणा में 15 नवंबर से स्कूल टाइम बदलेगा
-
अब सभी स्कूल सुबह 9:30 से दोपहर 3:30 बजे तक
-
निजी स्कूलों पर उल्लंघन में कार्रवाई, जींद में छुट्टियां
हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। 15 नवंबर से सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलेंगे। पहले यह समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक था। शिक्षा विभाग के आदेश जारी होने के बाद सभी स्कूलों को इन्हें लागू करना अनिवार्य किया गया है।
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि कोई भी स्कूल यदि टाइमिंग का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। विभाग ने मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
डबल शिफ्ट वाले स्कूलों की टाइमिंग
15 नवंबर से डबल शिफ्ट स्कूलों में पहली शिफ्ट का समय सुबह 7:55 से 12:30 बजे तक रहेगा। पहले यह समय सुबह 7 बजे से 12:30 बजे तक था। दूसरी शिफ्ट 12:40 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
नारनौल में खंड शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को नई टाइमिंग लागू करनी होगी। पालन नहीं करने पर स्कूल मुखिया जिम्मेदार माना जाएगा।
निजी स्कूलों पर औचक निरीक्षण
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी अभिभावक या विद्यार्थी की शिकायत पर या औचक चेकिंग के दौरान यदि कोई स्कूल आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसका मामला उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा और कार्रवाई तय है।
जींद में प्रदूषण के कारण स्कूलों में छुट्टी
जींद में वायु गुणवत्ता सूचकांक 418 दर्ज किया गया, जो ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी में है। इस कारण जिला प्रशासन ने सरकारी और निजी स्कूलों में अगले आदेश तक छुट्टी घोषित कर दी है।
गुरुग्राम में हाइब्रिड मोड में पढ़ाई
गुरुग्राम DC अजय कुमार ने आदेश जारी कर बताया कि कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी। माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम चुन सकेंगे।
Author1