हरियाणा के 5 जिलों में बारिश:कुरुक्षेत्र में लेंटर गिरने से पति-पत्नी की मौत; 6 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा
हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 6 अगस्त तक कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। कुरुक्षेत्र में लेंटर गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई।
हरियाणा के कई जिलों में बारिश, 6 अगस्त तक मौसम खराब रहने के आसार
कुरुक्षेत्र में मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत
मानसून फिर सक्रिय, अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
हरियाणा में मंगलवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अंबाला, नारनौल, रेवाड़ी, झज्जर समेत कई जिलों में बारिश हुई, जबकि जींद में बूंदाबांदी दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है और 6 अगस्त तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
सबसे दर्दनाक घटना कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के बड़ोंदी गांव में हुई। लगातार बारिश के कारण खेत में बने मकान की पिछली दीवार ढह गई, जिससे करीब 15×15 फीट का आरसीसी लेंटर उस कमरे पर गिर पड़ा, जहां करनैल सिंह (48) और उनकी पत्नी जसविंदर कौर सो रहे थे। दोनों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब उनका बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा तो कमरे की जगह मलबा दिखाई दिया। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर लेंटर को काटा और दोनों के शव बाहर निकाले। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने सुबह साढ़े दस बजे तक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
बारिश का असर कई शहरों में दिखाई दिया। झज्जर में अंबेडकर चौक और भगत सिंह चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रेवाड़ी में सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
IMD के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम के कारण मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं। इसी वजह से 4 से 6 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। 7 और 8 अगस्त को मौसम में कुछ सुधार रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
बारिश के बावजूद प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य से कमजोर बना हुआ है। अब तक 21 जिलों में 7 प्रतिशत से 68 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। केवल फरीदाबाद और पलवल में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। कम बारिश के कारण 11 जिले रेड और 4 जिले येलो जोन में हैं। रोहतक, जींद और सिरसा में अब तक 100 मिलीमीटर वर्षा भी दर्ज नहीं हो सकी है।
तापमान की बात करें तो 3 अगस्त को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं हिसार में 37.6°C, सिरसा में 36.4°C और रोहतक में 35.9°C तापमान दर्ज हुआ।
औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 23°C रहा, जबकि भिवानी में रात का तापमान 29.6°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही के कारण दिन का तापमान घटेगा और रात का तापमान हल्का बढ़ सकता है।
pooja