रोहतक बना सबसे गर्म शहर, तापमान 46.9°C पहुंचा
हरियाणा में पहली बार भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रोहतक में तापमान 46.9°C पहुंच गया, जबकि 25 मई तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
• हरियाणा में पहली बार भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी
• रोहतक बना सबसे गर्म शहर, तापमान 46.9°C पहुंचा
• 25 मई तक राहत के आसार नहीं, नौतपा में और बढ़ सकती है गर्मी
हरियाणा में इस साल गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में आसमान से आग बरस रही है और भीषण लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य में पहली बार लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार रोहतक हरियाणा का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के कम से कम 7 शहरों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के विशेष बुलेटिन के मुताबिक 19 मई से 25 मई तक हरियाणा में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।
25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि नौतपा के दौरान गर्मी और अधिक तीखी हो सकती है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका है।
प्रदेश में दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। पिछले 24 घंटे में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। भिवानी में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अंबाला में न्यूनतम तापमान 29.8°C रिकॉर्ड किया गया।
वहीं राहत की बात यह रही कि यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को लगातार पानी पीने, ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी है।
किसानों को भी दोपहर के समय सिंचाई से बचने और फसलों व पशुओं को गर्मी से सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
pooja