हरियाणा में आज HTET की शुरुआत, लेवल-3 (PGT) परीक्षा दोपहर 3 बजे; पेपर लीक रोकने को पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट

HTET परीक्षा से पहले पूरे हरियाणा में पुलिस हाई अलर्ट पर है। होटल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सघन छापेमारी कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

हरियाणा में आज HTET की शुरुआत, लेवल-3 (PGT) परीक्षा दोपहर 3 बजे; पेपर लीक रोकने को पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट

238 परीक्षा केंद्रों पर आज 73,091 अभ्यर्थी देंगे HTET लेवल-3 की परीक्षा

पेपर लीक रोकने के लिए होटल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक पुलिस का सर्च अभियान

128 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा-163 लागू


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2025 का आगाज आज 4 जुलाई से हो रहा है। पहले दिन लेवल-3 (PGT) की परीक्षा प्रदेशभर के 238 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 73,091 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत कर दी है।

परीक्षा से एक दिन पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय, भिवानी से प्रश्न-पत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस और बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में सभी जिला मुख्यालयों तक पहुंचाया गया। पूरे परिवहन के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं, ताकि प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा बनी रहे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड

पूरे हरियाणा में पुलिस हाई अलर्ट, संदिग्धों पर कड़ी नजर

HTET परीक्षा को लेकर पूरे हरियाणा में पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी जिलों में होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर पूछताछ कर रही हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, पेपर लीक या नकल गिरोह की गतिविधियों पर पहले ही रोक लगाई जा सके।

इसी कड़ी में भिवानी पुलिस ने डीएसपी अनूप कुमार के नेतृत्व में शहर के सभी थाना प्रभारियों, सीआईए टीमों और पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य ठहरने वाले स्थानों की गहन जांच की गई तथा संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।

2.33 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

इस वर्ष HTET-2025 के लिए कुल 2,33,294 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। लेवल-1 (PRT) के लिए 41,062, लेवल-2 (TGT) के लिए 1,19,141 और लेवल-3 (PGT) के लिए 73,091 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

अगले दो दिन ऐसा रहेगा परीक्षा कार्यक्रम

आज 4 जुलाई को लेवल-3 (PGT) की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।

5 जुलाई को सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक लेवल-2 (TGT) तथा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक लेवल-1 (PRT) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

नकल रोकने के लिए 128 फ्लाइंग स्क्वॉड

परीक्षा की निगरानी के लिए 128 फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इनमें स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, शिक्षा निदेशक, बोर्ड अध्यक्ष, बोर्ड सचिव, आरएएफ, जिला प्रशासन, उपायुक्त, उपमंडल अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारियों की विशेष उड़नदस्ता टीमें शामिल हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों पर लगातार निरीक्षण कर किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।

परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू

भिवानी के जिला मजिस्ट्रेट साहिल गुप्ता ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा हथियार, लाठी-डंडा या अन्य आपत्तिजनक वस्तु लेकर आने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट, प्रिंटिंग, फैक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

पुलिस और प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, केवल निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या पेपर लीक से जुड़े झूठे संदेशों पर विश्वास न करें।