हरियाणा में मानसून एक्टिव, कई जिलों में भारी बारिश,फरीदाबाद में घरों तक पहुंचा पानी
हरियाणा में भारी बारिश से रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में जलभराव हुआ। 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, कई जगह घरों और सड़कों में पानी भरा।
पूरे हरियाणा में मानसून एक्टिव, कई जिलों में भारी बारिश
➤ रोहतक-झज्जर-फरीदाबाद में तीन फुट तक जलभराव, घरों और सड़कों पर पानी
➤ झज्जर में जलघर की दीवार टूटी, फतेहाबाद में कच्ची छत गिरने से मां-बेटा दबे
हिसार। हरियाणा में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी और सिरसा के डबवाली में सुबह से बारिश हो रही है, जबकि पानीपत में बादल छाए हुए हैं। वहीं रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में रातभर हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं।
रोहतक के मॉडल टाउन और कृष्णा कॉलोनी में सड़कों पर करीब तीन फुट तक पानी जमा हो गया। जलभराव इतना ज्यादा रहा कि लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। मॉडल टाउन में एक महिला की स्कूटी पानी में बंद हो गई, जिसके बाद वह उसे खींचकर ले जाती नजर आईं। इसी इलाके में एक युवक की बाइक भी पानी के बीच बंद हो गई।
पूर्व मंत्री सुभाष बतरा के घर के पास वाली गली में भी बरसाती पानी भर गया। डबल पार्क के आसपास की सड़कें भी जलमग्न हो गईं। मॉडल टाउन में लोग पानी के बीच बाइक और स्कूटी लेकर निकलने को मजबूर रहे।
फरीदाबाद के ग्रीन फील्ड इलाके में खाली पड़े प्लॉट में पानी भरने से एक दीवार टूट गई। दीवार टूटने के बाद पानी दयालबाग इलाके के मकानों में घुस गया। कई गलियों में पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
फरीदाबाद के शिव दुर्गा विहार इलाके में ड्रोन से हालात का जायजा लिया गया। यहां कई गलियां पानी में डूबी नजर आईं। जलभराव के बीच एक ट्रांसफॉर्मर भी पानी में डूब गया, जिसके चलते कॉलोनी की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
इससे पहले शुक्रवार शाम ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव के कारण एक फॉर्च्यूनर कार फंस गई थी। अंडरपास में करीब 25 से 30 फीट तक पानी भरने की बात सामने आई। चेतावनी के बावजूद करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग कार लेकर पानी में चले गए और वाहन फंस गया। एक युवक ने जान जोखिम में डालकर उन्हें बाहर निकाला। बुजुर्ग चालक को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भारी बारिश के दौरान धनवापुर रोड स्थित फुटप्रिंट्स स्कूल में बच्चे और शिक्षक भी फंस गए थे। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके अभिभावकों तक पहुंचाया। राहत कार्य का नेतृत्व अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने किया। सफाई निरीक्षक भूपेंद्र कुमार और उनकी टीम ने भी बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
झज्जर में रातभर हुई बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। सड़कों पर दो से तीन फुट तक पानी जमा हो गया। कई घरों में बरसाती पानी घुस गया। बेरी गेट इलाके में पानी घरों की रसोई और कमरों तक पहुंच गया। भाजपा वार्ड-1 के पार्षद के कार्यालय में भी बरसाती पानी घुस गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले पर मिट्टी डालकर रास्ता बनाए जाने के कारण पानी की निकासी बाधित हुई है। लोगों के मुताबिक बेरी गेट में प्लॉटिंग करने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर ने नाले पर मिट्टी डालकर रास्ता बना दिया, जिससे बरसाती पानी की निकासी प्रभावित हो गई।
झज्जर में 7 अगस्त सुबह 8 बजे से 8 अगस्त सुबह 8 बजे तक 126.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिले में सबसे ज्यादा बारिश झज्जर तहसील में हुई। बेरी में 125 मिलीमीटर, मातनहेल में 74 मिलीमीटर, बहादुरगढ़ में 69.6 मिलीमीटर, सल्हावास में 65 मिलीमीटर और बादली में 55 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रातभर हुई बारिश के चलते रेवाड़ी रोड स्थित जलघर की मुख्य दीवार भी टूट गई। सड़क पर जमा बरसाती पानी जलघर परिसर में घुस गया। इससे आसपास के इलाके में भी जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के बीच कांवड़िए भी जलभराव वाली सड़कों से गुजरते नजर आए।
हिसार के पीएलए एरिया में सड़क पर पानी जमा है। बरवाला में भी सुबह से तेज बारिश हो रही है। स्थानीय लोगों ने सीवरेज सिस्टम फेल होने की शिकायत की है। रेवाड़ी के महाराणा प्रताप चौक के पास भी बरसाती पानी जमा हो गया।
फतेहाबाद के भूना क्षेत्र के गांव दहमन में बारिश के कारण एक ग्रामीण के मकान की कच्ची छत गिर गई। हादसे में जिले सिंह की पत्नी कमला और बेटा रामदिया मलबे के नीचे दब गए। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने शनिवार को पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र और अंबाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंचकूला में हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट है।
बारिश के कारण प्रदेश के दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश और बादलों के चलते हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अंबाला में 31.8 डिग्री, हिसार में 31.9 डिग्री और करनाल में 29.9 डिग्री तापमान रहा। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री, नारनौल में 26.0 डिग्री और रोहतक में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
पिछले 24 घंटों में दक्षिण हरियाणा में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 67.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भिवानी में 48.0 मिलीमीटर, चरखी दादरी में 38.0 मिलीमीटर, पलवल में 36.0 मिलीमीटर, सोनीपत में 27.5 मिलीमीटर, नारनौल में 23.5 मिलीमीटर और रोहतक में 15.0 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश और हवा में नमी के कारण रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है।
बारिश के बीच बिजली निगम ने भी आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने लोगों से विद्युत लाइनों और उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। बिजली संबंधी समस्या होने पर 1912 या 1800-180-4334 पर सूचना देने को कहा गया है। संभावित विद्युत खतरे की जानकारी वॉट्सऐप नंबर 9050960500 पर भी दी जा सकती है।
बारिश के कारण प्रदेश के कई शहरों में जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। कई जगह सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जबकि कुछ इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया। प्रशासन और स्थानीय निकायों की टीमें जलभराव वाले इलाकों में राहत और निकासी कार्य में जुटी हैं।
pooja