घना कोहरे में हरियाणा, सोनीपत में सुबह विजिबिलिटी शून्य

haryana-fog-coldwave-orange-alert-december

घना कोहरे में हरियाणा, सोनीपत में सुबह विजिबिलिटी शून्य
  • सोनीपत, पानीपत समेत कई जिलों में घना कोहरा, सुबह 7 बजे विजिबिलिटी शून्य
  • 26 से 30 दिसंबर तक शीतलहर का असर, प्रदेशभर में सूखी ठंड बढ़ेगी
  • ठंड को लेकर पूरे हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी

हरियाणा में कई दिन बाद शुक्रवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली और सोनीपत, पानीपत समेत कई जिलों में घना कोहरा छा गया। सोनीपत शहर में सुबह करीब 7 बजे विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई, जबकि ग्रामीण इलाकों में भी हालात बेहद खराब रहे। कोहरे के कारण सुबह के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोनीपत में धुंध में स्कूल जाने के लिए वाहन का इंतजार करते बच्चे।

पानीपत सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के हालात देखने को मिले। मौसम विभाग ने 26 से 30 दिसंबर तक हरियाणा में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इस दौरान प्रदेश में सूखी ठंड का असर बढ़ेगा और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

बीते तीन से चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार कोहरा छाया रहा था। हालांकि शीतलहर के प्रभाव से कुछ इलाकों में मौसम साफ हुआ, लेकिन इसके साथ ही ठंड और अधिक तीखी हो गई है। आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ने का अनुमान है।

गुरुवार रात सोनीपत प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन के समय पलवल में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

नारनौल में ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेते लोग।

शीतलहर के कारण दिन के समय धूप खिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरा पड़ सकता है, लेकिन दिन में धूप निकलने से लोगों को आंशिक राहत मिलेगी।

भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा में 26 से 28 दिसंबर के दौरान ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एनसीआर सहित पूरे प्रदेश में दिसंबर माह के दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तरी ठंडी हवाओं के चलते अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

सोनीपत में धुंध में स्कूल जाते बच्चे।

क्रिसमस के दिन गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों में दिन के समय धूप खिली। इसके चलते अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। पलवल में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कैथल में सबसे कम 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।