हरियाणा बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू, जानें कब निकलेगा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट
हरियाणा बोर्ड 10वीं-12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू करेगा, 75 केंद्रों पर हजारों शिक्षक तैनात, मई में रिजल्ट आने की संभावना।
➤ 2 अप्रैल से हरियाणा बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन शुरू
➤ 22 जिलों में बनाए गए 75 केंद्र, हजारों शिक्षक तैनात
➤ बोर्ड अध्यक्ष बोले- बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने फरवरी-मार्च 2026 परीक्षाओं के बाद अब मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सैकेंडरी (10वीं) कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 2 अप्रैल से शुरू होगा। यह कार्य प्रदेश के 22 जिलों में स्थापित 75 मूल्यांकन केंद्रों पर कराया जाएगा।
बोर्ड के अनुसार, सैकेंडरी कक्षा के मूल्यांकन के लिए करीब 6969 अध्यापक नियुक्त किए गए हैं और यह प्रक्रिया 24 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मूल्यांकन कार्य को पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
वहीं, सीनियर सैकेंडरी (12वीं) कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 3 अप्रैल से शुरू होकर 28 अप्रैल तक चलेगा। इसके लिए प्रदेशभर में 52 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 5009 प्राध्यापक नियुक्त किए गए हैं। बोर्ड का लक्ष्य है कि 12वीं का रिजल्ट मई के दूसरे सप्ताह तक घोषित कर दिया जाए, जिसके बाद 10वीं का परिणाम जारी होगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थीं, जिसमें सीनियर सैकेंडरी की परीक्षाएं 1 मार्च तक और सैकेंडरी की परीक्षाएं 20 मार्च तक संपन्न हो चुकी हैं। इसके अलावा डीएलएड परीक्षाओं के लिए भी 4 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर बोर्ड ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पहले दिन एक परीक्षक को 15 उत्तरपुस्तिकाएं जांचनी होंगी, जबकि इसके बाद प्रतिदिन 30 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही, 10 प्रतिशत कॉपियों की रैंडम जांच मुख्य परीक्षक द्वारा की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न हो।
डॉ. पवन कुमार ने सभी परीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि मूल्यांकन में बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा बोर्ड और विभाग ने मूल्यांकन की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी कर ली है और यह कदम प्रणाली को और मजबूत बनाएंगे।
Akhil Mahajan