ट्रेन से कटीं मां और 2 बेटियां: 2 की मौत, दूसरी बच्ची हिसार रेफर; बेटा न होने से परेशान थी महिला
हांसी में सिरसा-दिल्ली रेलवे लाइन पर महिला और दो बेटियां ट्रेन की चपेट में आईं। मां-बेटी की मौत, एक बच्ची गंभीर घायल, पुलिस जांच जारी।
- हांसी में ट्रेन की चपेट में आई महिला और दो बेटियां
- मां और एक बेटी की मौत, दूसरी बच्ची गंभीर घायल
- पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
हरियाणा के हांसी में सिरसा-दिल्ली रेलवे लाइन पर शनिवार को एक महिला और उसकी दो बेटियां ट्रेन की चपेट में आ गईं। इस घटना में महिला और एक बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को पहले हांसी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हिसार सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना रामायण और मय्यड़ रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान भगाना गांव निवासी निर्मला (35) और उसकी बेटी निकिता (6) के रूप में हुई है। प्रीति (3.5) घायल है और उसका इलाज हिसार में चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला को परिवारिक कारणों से मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि यह मामला दुर्घटना था या किसी अन्य परिस्थिति से जुड़ा, इसकी जांच जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रेलवे पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan