हरियाणा में छत गिरने से दर्दनाक हादसा, एक की मौत डूंडाहेड़ा में मकान ढहा, 4 लोग दबे
गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा इलाके में मकान की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
■ गुरुग्राम में मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा, एक की मौत
■ मलबे में दबे 4 लोग, तीन गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती
■ लापरवाही के आरोप, पहले भी दी गई थी छत की कमजोरी की चेतावनी
गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। स्कूल वाली गली में स्थित एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में बिहार के औरंगाबाद निवासी सतीश माल्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।हादसे के समय सतीश माल्या कमरे में बेड पर लेटा हुआ था, जबकि उसका साथी रवि झा खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक छत गिर गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। वहीं, मकान के बाहर से बाइक पर गुजर रहे पति-पत्नी भी मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे को मशीनों और हाथों से हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद सतीश माल्या का शव बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों में से एक व्यक्ति खाना बना रहा था, जिस दौरान उस पर खौलता हुआ तेल गिर गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक की हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतक के भाई ने मकान मालिक और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छत की कमजोरी को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान छत से पानी टपकता था और दरारें भी आ चुकी थीं, इसके बावजूद मरम्मत नहीं करवाई गई।घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना था और उसकी छत जर्जर हालत में थी। मौसम और संरचनात्मक कमजोरी के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने आसपास के अन्य मकानों की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
shubham 
