हरियाणा में मासूम की हत्या, मां का गला कटा घर के अंदर खौफनाक वारदात

गुरुग्राम में ढाई साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है, जबकि उसकी मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हरियाणा में मासूम की हत्या, मां का गला कटा घर के अंदर खौफनाक वारदात

गुरुग्राम में ढाई साल की बच्ची की हत्या
मां का भी गला कटा, हालत गंभीर बनी हुई
वारदात की वजह साफ नहीं, पुलिस जांच में जुटी


हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ढाई साल की मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हालत में मिली है। यह वारदात सेक्टर-9 थाना क्षेत्र के सूर्या विहार इलाके के एक मकान में हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

मृतक बच्ची की पहचान अनिका के रूप में हुई है। वहीं उसकी मां नेहा का गला कटा हुआ पाया गया और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना घर के अंदर ही हुई है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह रही। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलने पर सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


सेक्टर-9 थाना के एसएचओ अवतार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था।


इस घटना के बाद इलाके में डर और बेचैनी का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।