गोल्डन पार्क में शांति बहाल, पुलिस की सख्त कार्रवाई से नशेड़ी भागे

समालखा के गोल्डन पार्क में शराबियों और नशेड़ियों के जमावड़े को पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने खत्म करवाया और उनकी इस कार्रवाई के लिए उन्हें योग समिति एवं जन जागरूक सेवा समिति द्वारा सम्मानित किया गया

गोल्डन पार्क में शांति बहाल, पुलिस की सख्त कार्रवाई से नशेड़ी भागे

गोल्डन पार्क से नशेड़ी और शराबियों का सफाया
पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को सम्मान
शांति व सुरक्षा के लिए नागरिकों ने जताई खुशी

समालखा, अशोक शर्मा



गोल्डन पार्क समालखा में लंबे समय से पार्क में शाम के समय शराबियों और नशेड़ियों के जमावड़े के कारण सैर पर आने वाले नागरिक परेशान थे। इस समस्या का समाधान करते हुए पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पार्क में शराब और नशे के शरारती तत्वों को भगा दिया और कुछ को मौके पर समझा कर स्थिति को नियंत्रण में किया। इस कार्रवाई से पार्क में फिर से शांति और सुरक्षा का माहौल लौट आया जिससे महिलाओं, युवतियों, बच्चों और सीनियर सिटीजन सहित सभी नागरिकों ने राहत की सांस ली।

इस मौके पर गोल्डन पार्क योग समिति और जन जागरूक सेवा समिति ने चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को उनके कार्य के लिए सम्मानित किया। जन जागरूक सेवा समिति के अध्यक्ष पूर्व पार्षद कुलभूषण अरोड़ा ने बताया कि पार्क में शाम के समय अक्सर शराबी और नशेड़ी परेशान करते थे, जिसे देखते हुए चौकी इंचार्ज ने समय रहते उचित कदम उठाए। अनिल कुमार ने कहा कि समालखा में किसी भी जगह पर यदि शरारती तत्व स्थानीय निवासियों को परेशान करें या शराब के नशे में हुड़दंग मचाएँ तो तुरंत पुलिस चौकी को सूचना दी जाए, कार्रवाई तुरंत होगी।

इस अवसर पर समिति के संरक्षक विकास साहू, पूर्व प्रधान प्रेम भोला, भारतीय जनता पार्टी के जिला सचिव नरेश बेनीवाल, रामनिवास गोयल, संजय कुच्छल, राकेश सैनी, मन्नू छाबड़ा, संजीव कुमार, सचिन गर्ग, राजेंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से चौकी इंचार्ज का धन्यवाद किया और उन्हें शाल तथा नाम की गोल्डन प्लेट देकर सम्मानित किया। इस कदम से पार्क में सुरक्षित वातावरण बहाल हुआ और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।