ग्लास्गो में हरियाणा का दम दिखेगा... 6 खिलाड़ियों का शेड्यूल जारी, जानिए कब मैदान में उतरेंगे नीरज चोपड़ा समेत सभी स्टार
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए हरियाणा के छह एथलीटों का मुकाबला कार्यक्रम जारी हो गया है। जानिए नीरज चोपड़ा समेत सभी खिलाड़ी किस दिन और किस स्पर्धा में उतरेंगे।
➤ ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए हरियाणा के 6 खिलाड़ियों का कार्यक्रम जारी
➤ 27 जुलाई से शुरू होगा मुकाबलों का सिलसिला, 30 जुलाई को नीरज चोपड़ा पर रहेंगी नजरें
➤ भारत की 32 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम में हरियाणा के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी
चंडीगढ़। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार भारत की 32 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम में हरियाणा के छह खिलाड़ी शामिल हैं। प्रदेश के खेल प्रेमियों की नजरें अब इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं, खासकर ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा पर, जो एक बार फिर भारत के लिए पदक की उम्मीद बनकर मैदान में उतरेंगे।
27 जुलाई से शुरू होगा हरियाणा का अभियान
एथलेटिक्स हरियाणा के अनुसार हरियाणा के खिलाड़ियों का अभियान 27 जुलाई से शुरू होगा। सबसे पहले फतेहाबाद की पूजा हाई जंप के क्वालिफिकेशन राउंड में हिस्सा लेंगी और हरियाणा के अभियान की शुरुआत करेंगी।
28 जुलाई रहेगा सबसे व्यस्त दिन
28 जुलाई को हरियाणा के तीन खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। भिवानी की सीमा कालीरमन और रोहतक की निधि रानी डिस्कस थ्रो क्वालिफिकेशन में उतरेंगी। वहीं अंबाला की मनप्रीत कौर शॉट पुट क्वालिफिकेशन राउंड में अपना दम दिखाएंगी।
30 जुलाई को नीरज चोपड़ा पर रहेंगी निगाहें
30 जुलाई को पूरे देश की नजरें पानीपत के स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पर रहेंगी। नीरज जेवलिन थ्रो के क्वालिफिकेशन राउंड में उतरेंगे और एक बार फिर पदक की उम्मीदों को मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
1 अगस्त को रवीना के साथ होगा अभियान का समापन
हरियाणा के खिलाड़ियों का अभियान 1 अगस्त को समाप्त होगा। जींद की रवीना रेस वॉक स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में हिस्सा लेंगी और प्रदेश की अंतिम चुनौती पेश करेंगी।
भारत की 32 सदस्यीय टीम में हरियाणा का दबदबा
भारतीय एथलेटिक्स टीम में इस बार 32 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 22 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ी हैं। इनमें अकेले हरियाणा के छह खिलाड़ियों का चयन प्रदेश की खेल प्रतिभा और मजबूत खेल संस्कृति को दर्शाता है।
Akhil Mahajan