गैस सिलेंडर के लिए सड़क पर उतरे लोग, रतिया में हंगामा और वैन रोकी
फतेहाबाद के रतिया में गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा किया और डिलीवरी वैन को रोक दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
■ फतेहाबाद के रतिया में गैस सिलेंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं का हंगामा
■ डिलीवरी वैन रोकी, एक घंटे तक चला विरोध प्रदर्शन, पुलिस पहुंची मौके पर
■ उपभोक्ताओं का आरोप- बिना सिलेंडर दिए डिलीवरी दिखा रहे, एजेंसी ने कहा ऑनलाइन बुकिंग करें
फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। लोगों ने गैस एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। हालात उस समय और बिगड़ गए जब उपभोक्ताओं ने गांवों में सिलेंडर सप्लाई के लिए जा रही डिलीवरी वैन को रास्ते में ही रोक लिया। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस और एजेंसी संचालक ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को शांत कराया।प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें एक सप्ताह से ज्यादा समय से गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे, जबकि एजेंसी से सिलेंडर भरकर गांवों में भेजे जा रहे हैं। लोगों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं की बुकिंग बिना सिलेंडर दिए ही डिलीवर दिखा दी गई है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस एजेंसी को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली है। इससे पहले भी उपभोक्ताओं ने सिलेंडर न मिलने पर रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय भी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया था।गांव अजीत नगर, भानीखेड़ा, ढाणी बबनपुर, घासवा और महमबड़ा से आए उपभोक्ताओं ने बताया कि वे 10 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करके सुबह 5 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। लोगों का कहना है कि इतनी लंबी दूरी और इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
जब उपभोक्ताओं ने राम भारत गैस एजेंसी की डिलीवरी वैन को रोक लिया, तब सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर वैन को आगे भेजा और माहौल को शांत कराया।वहीं, एजेंसी संचालक रामनिवास का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सिर्फ ऑनलाइन बुकिंग करें, क्योंकि एजेंसी के बाहर लाइन लगाने से कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने बताया कि छुट्टियों के कारण थोड़ी देरी हुई है और बुकिंग के अनुसार 2 से 3 दिन में सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाएगी।
shubham