दिल्ली ब्लास्ट के बाद हरियाणा में अलर्ट, कार में मिला पौने दो करोड़ कैश!
दिल्ली ब्लास्ट के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट। फतेहाबाद पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान किआ कार से पौने दो करोड़ रुपए कैश बरामद किए, इनकम टैक्स जांच में जुटा।
-
फतेहाबाद पुलिस ने पौने दो करोड़ कैश बरामद किया, दिल्ली ब्लास्ट के बाद की गई थी नाकाबंदी
-
किआ कार से मिला कैश, व्यापारी ने बताया—राइस मिल से लाया था पैसा
-
इनकम टैक्स विभाग जांच में शामिल, कैश के स्रोत और उपयोग की पड़ताल जारी
फतेहाबाद। दिल्ली ब्लास्ट के बाद हरियाणा में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी बीच फतेहाबाद पुलिस ने जिले के रतिया रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक किआ कार से करीब पौने दो करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने कार और कैश दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नकदी लेकर रतिया रोड से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में नाकाबंदी कर दी।
चेकिंग के दौरान सिरसा नंबर की एक संदिग्ध किआ कार को रोका गया। तलाशी में पुलिस को बैगों में भरे करीब पौने दो करोड़ रुपए नकद मिले। पुलिस ने मौके पर ही कैश गिनने की मशीन मंगाई और रकम की गिनती कराई।
पुलिस ने बताया कि कार सवार की पहचान सिरसा निवासी व्यापारी हर्ष के रूप में हुई है, जो आयरन स्टोर चलाता है। शुरुआती जांच में पता चला कि यह कैश उसके रिश्तेदार की राइस मिल से लाया गया था, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका।
पुलिस ने तत्काल मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को दी। अब टैक्स अधिकारी भी जांच में जुट गए हैं। वहीं, पुलिस को प्रारंभिक जांच में कैश के उपयोग को लेकर कुछ अहम इनपुट मिले हैं। इनकी पुष्टि के लिए पुलिस अन्य जांच एजेंसियों से समन्वय कर रही है।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लेन-देन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जिलेभर में सुरक्षा और खुफिया निगरानी कड़ी कर दी गई है।
Author1