ढाबे पर बैठे पूर्व सरपंच की हत्या, युवकों ने सिर-छाती में 10 गोलियां मारीं , बिश्नोई परिवार के करीबी
फतेहाबाद में पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की ढाबे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर करीब 10 राउंड फायरिंग कर फरार हो गए।
➤ फतेहाबाद में पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की गोली मारकर हत्या
➤ ढाबे पर बैठे थे, हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की
➤ पुलिस को मौके से दो पिस्टल और दो बाइक मिलीं, जांच जारी
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में खाराखेड़ी गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह गांव के एक ढाबे पर बैठे हुए थे, तभी बाइक पर सवार 3-4 अज्ञात हमलावर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उनके सिर और छाती में कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जय सिंह, सदर थाना पुलिस, CIA और बाद में ASP दिव्यांशी सिंगला मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए। मौके से दो पिस्टल और दो बाइक बरामद हुई हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
राजेंद्र खिलेरी पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता दुड़ाराम बिश्नोई के करीबी माने जाते थे। साथ ही उनका परिवार पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के परिवार के भी निकट बताया जाता है। वह दो बार सरपंच रह चुके थे और सरपंच एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय राजेंद्र खिलेरी ढाबे के बाहर नीम के पेड़ के नीचे बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी और बोदीवाली गांव के सरपंच मेनपाल के अनुसार, अचानक 3-4 युवक आए और बिना किसी बातचीत के ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
परिजनों ने पुलिस के सामने कुछ लोगों पर शक जताया है। पुलिस पुरानी रंजिश, हाल के विवाद, पारिवारिक मतभेद और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
Akhil Mahajan