पिता बना हैवान! 50 तक गिनती नहीं लिखा पाई साढ़े चार साल बेटी तो पिता ने पीट-पीटकर मार डाला
फरीदाबाद में साढ़े चार साल की बच्ची की उसके ही पिता ने पिटाई कर हत्या कर दी। 50 तक गिनती न लिख पाने पर गुस्से में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी गिरफ्तार है।
➤ फरीदाबाद में साढ़े चार साल की बच्ची की पिता ने पिटाई कर हत्या की
➤ 50 तक गिनती न लिख पाने पर आरोपी पिता को आया गुस्सा
➤ मां की शिकायत पर हत्या का केस, आरोपी पिता गिरफ्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित झाड़सेंतली गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी साढ़े चार साल की मासूम बेटी को सिर्फ इस बात पर पीट-पीटकर मार डाला कि वह 50 तक गिनती नहीं लिख पाई। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृत बच्ची की पहचान वंशिका के रूप में हुई है। बच्ची की मां रंजीता ने सेक्टर-58 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका पति कृष्णा जैसवाल दोनों एक निजी कंपनी में काम करते हैं। 21 जनवरी को वह काम पर गई हुई थी और घर पर बच्ची अपने पिता के साथ थी। जब वह शाम को लौटी तो बच्ची मृत अवस्था में मिली।
मामले की जांच कर रही अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी पिता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिन के समय वह बच्चों की देखभाल करता था और घर पर ही बेटी को पढ़ाता था। घटना वाले दिन उसने बच्ची से 50 तक गिनती लिखने को कहा, लेकिन बच्ची ऐसा नहीं कर पाई। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने बच्ची के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Akhil Mahajan