दुष्यंत-पुलिस विवाद ने मचाया बवाल: पवन कुमार के चाचा ससुर ने छोड़ी JJP!

हरियाणा में दुष्यंत-पुलिस विवाद के बीच पवन कुमार प्रकरण में उनके चाचा ससुर ने JJP छोड़ दी। मामले में जांच की मांग तेज हो गई है।

दुष्यंत-पुलिस विवाद ने मचाया बवाल: पवन कुमार के चाचा ससुर ने छोड़ी JJP!
  • हिसार में दुष्यंत-पुलिस विवाद ने लिया सियासी मोड़

  • CIA इंचार्ज के ससुर रणधीर पूनिया ने छोड़ी JJP

  • बोले- दामाद इंस्पेक्टर की कोई गलती नहीं, सच सामने आए


हरियाणा के हिसार में दुष्यंत चौटाला और CIA इंचार्ज के बीच हुआ विवाद अब बड़ा सियासी तूफान बनता जा रहा है। सड़क पर शुरू हुआ यह टकराव अब पार्टी संगठन तक पहुंच गया है और इसके असर खुलकर सामने आने लगे हैं।

दुष्यंत चौटाला की एस्कॉर्ट गाड़ी के सामने पिस्टल लेकर खड़ा पुलिसकर्मी और गाड़ी की खिड़की पर लटकते पूर्व डिप्टी सीएम।(फाइल फोटो)

इस पूरे घटनाक्रम से आहत होकर JJP के हलका प्रधान रणधीर सिंह पूनिया ने अपने परिवार और समर्थकों सहित पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि रणधीर पूनिया उसी इंस्पेक्टर पवन कुमार के ससुर हैं, जिन पर दुष्यंत चौटाला ने बदसलूकी और हथियार तानने के आरोप लगाए थे।

रणधीर पूनिया ने मीडिया के सामने खुलकर कहा कि यह पूरा मामला “झूठ का पुलिंदा” है। उन्होंने साफ कहा कि वीडियो देखने के बाद उन्हें अपने दामाद की कोई गलती नजर नहीं आई। उनके मुताबिक, पवन कुमार ने सिर्फ इतना कहा था कि भीड़ के समय गाड़ी सही तरीके से चलाएं और ओवरटेक न करें।

दिग्विजय चौटाला ने सिविल ड्रेस में आए एक पुलिसकर्मी को धक्का भी दिया।(फाइल फोटो)

उन्होंने बताया कि घटना के बाद दुष्यंत चौटाला का फोन आया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाए। लेकिन जब पूनिया ने जांच की बात कही, तो दुष्यंत ने नाराजगी में दोबारा फोन न करने की बात कह दी। इसी व्यवहार से आहत होकर उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।

रणधीर ने यह भी आरोप लगाया कि एक पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई और इस पूरे मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके दामाद इंस्पेक्टर पवन कुमार की गलती साबित होती है, तो वे खुद उसका इस्तीफा दिलवा देंगे।

पूनिया ने अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वे 16 साल की उम्र से ही चौटाला परिवार के साथ जुड़े रहे हैं और पार्टी के लिए सजा तक काटी है, लेकिन अब कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ही एक बड़ी बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें पूनिया खाप के लोग शामिल होंगे और आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल इस पूरे विवाद ने हरियाणा की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और आने वाले दिनों में इसका असर और गहराने की संभावना है।