शादी में विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर ह*त्या

भिवानी के बलियाली गांव में शादी समारोह के दौरान लड़कियों से बदतमीजी रोकने पर उत्तराखंड निवासी राकेश की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कई आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

शादी में विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर ह*त्या

शादी समारोह में बदतमीजी रोकने पर रंजिश, घर में घुसकर हमला
उत्तराखंड निवासी 4 बच्चों के पिता की लाठी-डंडों से हत्या
पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा आरोपियों पर मर्डर केस दर्ज किया


हरियाणा के भिवानी जिले के गांव बलियाली में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब लड़कियों और महिलाओं के साथ बदतमीजी का विरोध करने पर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राकेश (41) के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के रुड़की (हरिद्वार) का रहने वाला था और अपने मौसेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले ही यहां आया था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को बारात राजस्थान गई हुई थी, जहां कुछ युवकों ने समारोह के दौरान लड़कियों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस पर राकेश और अन्य परिजनों ने उन्हें रोकते हुए समझाया। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन यही बात बाद में रंजिश की वजह बन गई।


घर में घुसकर सोते हुए लोगों पर हमला, पहले की गई रैकी

शादी के बाद बुधवार को जब परिवार के अधिकतर सदस्य रस्मों के लिए बाहर गए हुए थे, तब आरोपी युवकों ने मौके का फायदा उठाया। मृतक के बेटे रितिक के मुताबिक, वह, उसके पिता राकेश और अन्य रिश्तेदार घर में आराम कर रहे थे, तभी लाठी-डंडों से लैस आरोपी घर में घुस आए

हमले से पहले आरोपियों ने घर की रैकी की थी और फिर सोते हुए लोगों पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने राकेश पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाईं और लात-घूंसे भी मारे। इस हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।


अस्पताल में तोड़ा दम, पीछे छोड़ गए 4 बच्चे

हमले के बाद आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायल का इलाज जारी है।

मृतक राकेश एक ट्रेवल एजेंसी में काम करते थे और अपने पीछे 4 बच्चों (2 बेटे, 2 बेटियां) को छोड़ गए हैं। परिवार पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


पुलिस ने दर्ज किया मर्डर केस, आरोपियों की तलाश जारी

बवानीखेड़ा थाना के एसएचओ सुरेश कुमार के अनुसार, मृतक के बेटे के बयान पर आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह हमला राजस्थान में हुई कहासुनी की रंजिश के चलते किया गया।

फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।