भिवानी में रामपाल समर्थकों और ग्रामीणों में भिड़ंत, लाठी-डंडे चले
भिवानी के खरक कलां गांव में रामपाल समर्थकों और ग्रामीणों के बीच “भगवान” कहने पर विवाद बढ़ा। लाठी-डंडों से झगड़ा, वीडियो वायरल, पुलिस ने शांति बहाल की।
-
भिवानी के खरक कलां गांव में रामपाल समर्थकों और ग्रामीणों के बीच लाठी-डंडों से झगड़ा
-
“रामपाल भगवान हैं” कहने पर भड़के ग्रामीण, हुई दोनों पक्षों में मारपीट
-
वीडियो वायरल, पुलिस ने गांव में शांति बहाल कर स्थिति कंट्रोल की
भिवानी जिले के गांव खरक कलां में रविवार को रामपाल महाराज समर्थकों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे चल पड़े। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में लोग एक-दूसरे पर ईंटें और डंडे फेंकते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को गांव में रामपाल महाराज समर्थकों का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान कुछ समर्थकों ने रामपाल को भगवान बताना शुरू किया। इसी बात पर गांव के स्थानीय युवाओं ने विरोध जताया और कहा कि किसी इंसान को भगवान का दर्जा नहीं दिया जा सकता।
बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई। आरोप है कि करीब 60-70 रामपाल समर्थकों ने ग्रामीणों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि रामपाल समर्थकों ने न केवल रामपाल को भगवान कहा, बल्कि हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें भी कहीं। इसके विरोध में जब ग्रामीणों ने आपत्ति जताई तो समर्थक उग्र हो गए और झगड़ा शुरू हो गया।
गांव के लोगों ने बताया कि पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई शुरू हो गई। दोनों ओर से कई लोग घायल हुए हैं। अब गांव में 13 नवंबर को पंचायत बुलाई गई है, ताकि मामले का निपटारा किया जा सके।
चौकी इंचार्ज वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस को 10 नवंबर को झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।
Author1