विवाद के बाद बादशाह का ‘टटीरी फिर से’ रिलीज बदले लिरिक्स और सीन, नया वर्जन आया सामने
बादशाह ने विवाद के बाद ‘टटीरी फिर से’ नया वर्जन रिलीज किया। गाने से विवादित सीन हटाए गए, महिला आयोग में माफी के बाद यह कदम उठाया गया।
विवाद के बाद बादशाह ने ‘टटीरी फिर से’ किया रिलीज
गाने से हटाए गए विवादित सीन और लिरिक्स
महिला आयोग में माफी के बाद आया नया वर्जन
बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह ने लंबे विवाद के बाद अपना चर्चित हरियाणवी गाना ‘टटीरी फिर से’ नए अंदाज में रिलीज कर दिया है। इस नए वर्जन में गाने के सभी विवादित सीन और लिरिक्स को हटा दिया गया है, जिससे पहले भारी विरोध देखने को मिला था।
गाने में जिस लाइन को लेकर सबसे ज्यादा विवाद हुआ था, उसे पूरी तरह बदल दिया गया है। अब उस जगह बादशाह ने अपने रैप में नई लाइन जोड़ी है – “आया बादशाह रंग दिखाने, फिर जलवा दिखाने।” इससे साफ है कि सिंगर ने विवाद से सीख लेते हुए कंटेंट में बदलाव किया है।
वीडियो में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। पहले जहां रोडवेज बस और कुछ आपत्तिजनक सीन दिखाए गए थे, वहीं अब नए वर्जन में लड़कियों को पारंपरिक हरियाणवी पहनावे दामन-कुर्ती में एक अंडरपास में डांस करते हुए दिखाया गया है। साथ ही कुछ बुजुर्गों को हुक्के के साथ दिखाकर हरियाणवी संस्कृति का टच देने की कोशिश की गई है।
नए गाने को यूट्यूब पर रिलीज होते ही अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खबर लिखे जाने तक इस सॉन्ग को करीब एक मिलियन व्यूज मिल चुके हैं, जो दर्शाता है कि विवाद के बावजूद लोगों में गाने को लेकर दिलचस्पी बनी हुई है।
दरअसल, यह पूरा विवाद 1 मार्च को रिलीज हुए मूल ‘टटीरी’ सॉन्ग से शुरू हुआ था। गाने के लिरिक्स और वीडियो में दिखाए गए कुछ सीन को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। खासतौर पर महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक प्रस्तुति का आरोप लगाया गया था।
पानीपत की नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्या ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जींद और पंचकूला में बादशाह के खिलाफ कुल 3 FIR दर्ज की गई थीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गाने को यूट्यूब से हटवा दिया था।
मामले ने तूल पकड़ा तो हरियाणा महिला आयोग ने भी इसका संज्ञान लिया। आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने बादशाह को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था। पेश न होने पर पुलिस को उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने तक के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद बादशाह ने पंचकूला पुलिस की जांच में शामिल होकर अपना पक्ष रखा। करीब एक घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया, क्योंकि सभी धाराएं जमानती थीं।
विवाद बढ़ने पर बादशाह ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके गाने के कुछ हिस्सों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था।
इसके बाद 7 अप्रैल को बादशाह अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश हुए। यहां उन्होंने दोबारा माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में बेहतर कंटेंट बनाएंगे। साथ ही उन्होंने 4 महीने में एक अच्छा गाना बनाने और गरीब परिवारों की 50 लड़कियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा भी किया।
गौरतलब है कि इस गाने में फीमेल वोकल कैथल की सिमरन जागलान की है, जो हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी की बेटी हैं। सिमरन एक स्टेट लेवल बॉक्सर भी रह चुकी हैं और अब सिंगिंग में भी अपना करियर बना रही हैं। बताया जाता है कि तीन साल पहले बने इस गाने के ओरिजिनल वर्जन पर नजर पड़ने के बाद बादशाह ने इसका रीमिक्स तैयार किया था।
Akhil Mahajan