टटीरी विवाद पर हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, सोशल मीडिया से हटाए सैकड़ों वीडियो

बादशाह के विवादित टटीरी सॉन्ग पर हरियाणा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 857 लिंक हटवाए हैं और रील्स बनाने व शेयर करने वालों की पहचान शुरू कर दी है।

टटीरी विवाद पर हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, सोशल मीडिया से हटाए सैकड़ों वीडियो

टटीरी सॉन्ग से जुड़े 857 लिंक हटाए, 154 यूट्यूब और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल
रील्स बनाने और शेयर करने वालों की पहचान शुरू, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
महिला आयोग की आपत्ति के बाद बढ़ा विवाद, हाईकोर्ट से बादशाह को गिरफ्तारी में राहत


हरियाणा में बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह के विवादित सॉन्ग ‘टटीरी’ को लेकर अब पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पंचकूला पुलिस ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई करते हुए गाने से जुड़े कुल 857 लिंक हटवा दिए हैं, जिनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं। यह कार्रवाई उस समय हुई है जब गाने को लेकर समाज में लगातार विरोध और आपत्तियां उठ रही थीं।पुलिस ने केवल लिंक हटाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी है, बल्कि अब उन लोगों की भी पहचान की जा रही है, जो इस गाने को शेयर या प्रमोट कर रहे हैं। साथ ही सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर गाने के हर रूप—री-अपलोड, शॉर्ट वीडियो और एडिटेड क्लिप्स—को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

बादशाह ने गाने पर विवाद के बाद माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि मैंने किसी महिला के लिए कोई गलत शब्द इस्तेमाल नहीं किया और अगर कुछ गलत लगा हो तो हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दो।

दरअसल, यह गाना 1 मार्च को रिलीज हुआ था और रिलीज के तुरंत बाद इसके लिरिक्स और वीडियो कंटेंट पर सवाल उठने लगे। कई सामाजिक संगठनों ने इसे महिलाओं के लिए अपमानजनक बताया। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने गाने को असभ्य और महिलाओं को ‘ऑब्जेक्टिफाई’ करने वाला करार दिया।इसके अलावा गाने में बिना अनुमति जींद रोडवेज बस और नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल के दृश्य दिखाए जाने पर भी विवाद खड़ा हुआ। आरोप है कि इन लोकेशनों के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।

गाने के वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को बैग फेंकते और बस पर चढ़कर डांस करते दिखाया गया है। साथ ही कुछ सीन में बच्चों को चलती बस पर स्टंट करते भी दिखाया गया है, जिसे लेकर संगठनों ने कहा कि इससे समाज में गलत संदेश जाता है और बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।हरियाणा के DGP अजय सिंघल ने स्पष्ट कहा कि राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह का कंटेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बढ़ा दी गई है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

पंचकूला के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिबास कविराज ने रील्स बनाने वालों को चेतावनी दी है कि जो भी इस गाने पर वीडियो बनाएगा या शेयर करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अकाउंट्स को ब्लॉक या बैन भी किया जा सकता है और बार-बार नियम तोड़ने वालों को गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

इस मामले में हरियाणा में बादशाह के खिलाफ तीन केस दर्ज किए गए थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें भी बनाई थीं और लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। हालांकि, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और जांच में सहयोग करने की शर्त रखी।विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने माफी भी मांगी थी और कहा था कि अगर किसी को उनके गाने से ठेस पहुंची है तो उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ किया जाए।इस गाने में फीमेल वोकल देने वाली 20 वर्षीय सिमरन जागलान कैथल की रहने वाली हैं, जिन्होंने इसे करीब तीन साल पहले गाया था। बाद में बादशाह ने इसे नए अंदाज में पेश किया। गाने की शूटिंग जींद के सच्चा खेड़ा, नरवाना और दुबई में हुई थी, लेकिन विवाद के बाद इससे जुड़ा मुंबई शो भी रद्द करना पड़ा।