अभय चौटाला का हमला, बोले- साइकिल चलाने की नौटंकी बंद करे सरकार

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और रामपाल माजरा ने प्रेस वार्ता में हरियाणा सरकार पर हमला बोला। साइकिल अभियान, कानून व्यवस्था और बढ़ते कर्ज को लेकर बीजेपी को घेरा।

अभय चौटाला का हमला, बोले- साइकिल चलाने की नौटंकी बंद करे सरकार

• अभय चौटाला ने सरकार पर ड्रामेबाजी और झूठ बोलने का आरोप लगाया

• इनेलो ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का किया ऐलान

• रामपाल माजरा बोले- हरियाणा पर 4 लाख करोड़ का कर्ज


इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान संगठन विस्तार से लेकर कानून व्यवस्था, कर्ज और सरकारी नीतियों तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा गया।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पिछले चार दिनों में इनेलो के 16 प्रकोष्ठों की समीक्षा बैठक की गई है। पार्टी ने जिन प्रकोष्ठों को संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी थी, उनके कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि इनेलो के प्रकोष्ठों ने जिला और हलका स्तर पर संगठन को मजबूत किया है और अब इसे बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हर बूथ पर दो पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी और प्रदेश के लोगों को विभिन्न मुद्दों पर संगठन से जोड़ा जाएगा। अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करेगी।

प्रेस वार्ता में अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के साइकिल चलाने को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की बचत की अपील की थी, लेकिन हरियाणा सरकार ने इसे केवल दिखावा बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने एक दिन साइकिल चलाकर केवल फोटो खिंचवाने का काम किया।

अभय चौटाला ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि साइकिलें निजी थीं या सरकारी पैसे से खरीदी गई थीं। उन्होंने कहा कि एक साइकिल की कीमत 25 हजार रुपये से शुरू होती है और इसके जरिए सरकारी खजाने की लूट की गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री साइकिल पर चलते हैं, लेकिन उनके पीछे गाड़ियों का पूरा काफिला चलता है।

उन्होंने कहा कि सरकार को नौटंकी छोड़कर जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए और झूठ व ड्रामेबाजी बंद करनी चाहिए।

हरियाणा में एसआईआर शुरू किए जाने के मुद्दे पर अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में घुसपैठ नहीं, बल्कि बीजेपी की घुसपैठ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े बाहर के लोगों को सरकारी नौकरियों और प्रशासनिक पदों पर बैठाया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे “कॉकरोच जनता पार्टी” शब्द को लेकर पूछे गए सवाल पर अभय चौटाला ने कहा कि लोग बीजेपी की नीतियों से परेशान हैं और जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी प्रेस वार्ता में कानून व्यवस्था और अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के केवल झूठे आंकड़े पेश कर रही है।

रामपाल माजरा ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2024 में देशभर में दर्ज 1659 लड़कियों की तस्करी के मामलों में से 736 मामले हरियाणा के थे। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2024 में हरियाणा में 1 लाख 15 हजार मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 44,741 मामले झूठे पाए गए। वहीं 37,761 मामले अनट्रेस्ड रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा झूठे मुकदमे दर्ज करने में भी नंबर एक बन गया है।

रामपाल माजरा ने कहा कि एनसीआरबी के अनुसार प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में हरियाणा में प्रतिदिन 9 लोगों ने आत्महत्या की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश पर कर्ज बढ़कर 4 लाख करोड़ रुपये हो चुका है और बीजेपी के विधायक व नेता वैध-अवैध कॉलोनियां काटने में लगे हैं।