बच्चों को सिखा रहा था कबड्डी, खुद बन गया हमला का शिकार खेल मैदान में लाठी-डंडे, वायरल वीडियो ने मचाया बवाल
कैथल के गांव हरीगढ़ किंगन में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी अरविंद्र सिंह पर मैदान में हमला किया गया। आरोपियों ने डंडों से मारपीट की और रात में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी पर डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी
■ मैदान में बच्चों को प्रैक्टिस करवा रहे थे, रात को हथियार लेकर पहुंचे आरोपी
■ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने 4 के खिलाफ केस दर्ज किया
कैथल जिले के गांव हरीगढ़ किंगन में उस समय सनसनी फैल गई जब एक इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी पर खेल मैदान में ही डंडों और लाठियों से हमला कर दिया गया। खिलाड़ी बच्चों को कबड्डी की प्रैक्टिस करवा रहा था और खुद भी अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान चार युवकों ने पहले अपशब्द कहे और फिर अचानक हमला बोल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित खिलाड़ी ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गांव हरीगढ़ किंगन निवासी अरविंद्र सिंह ने चीका थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से कबड्डी खिलाड़ी है और अपने गांव के बच्चों को खेल की ट्रेनिंग देता है। 26 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे वह खेल मैदान की सफाई कर रहा था, ताकि बच्चे आसानी से अभ्यास कर सकें। इसी दौरान मलकीत और अमन नाम के युवकों ने वहां पहुंचकर उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर दोनों ने डंडों और लाठियों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना यहीं खत्म नहीं हुई। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 8 बजे बलकार और लाभा नाम के दो अन्य युवक हथियार लेकर उसके घर के बाहर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी। खतरे को भांपते हुए खिलाड़ी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और डायल 112 पर कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले के दौरान लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
चीका थाना के एसएचओ अमन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी यह खिलाड़ी राजनीतिक विवादों के चलते चर्चा में आया था। वह पूर्व डिप्टी सीएम और जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला के कार्यक्रम में बहस करते नजर आया था। इसके बाद उस पर हमला होने का आरोप लगा था। उस समय जेजेपी कार्यकर्ताओं ने पलटवार करते हुए कहा था कि खिलाड़ी शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। खिलाड़ी का दावा है कि उसने राजनीतिक मुद्दे पर आवाज उठाई थी, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा।
अब ताजा हमले के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेल के मैदान में बच्चों के सामने हुई यह घटना बेहद चिंताजनक है और इससे खिलाड़ियों का मनोबल टूट सकता है। पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम था या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।
shubham