दिसंबर में हाडकंपा देने वाली ठंड के लिए रहें तैयार

हरियाणा में कल से शीत लहर की शुरुआत होने जा रही है। 1 दिसंबर से तापमान और गिरेगा। धुंध बढ़ने के आसार। नवंबर में 79% कम बारिश, 25 साल का रिकॉर्ड टूटा।

दिसंबर में हाडकंपा देने वाली ठंड के लिए रहें तैयार


• कल से हरियाणा में शीत लहर चलने का अनुमान
• 1 दिसंबर से तापमान में तेज गिरावट; सुबह धुंध बढ़ेगी
• नवंबर में 79% कम बारिश, 25 साल में सबसे खराब स्थिति



हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम एक्सपर्ट्स का कहना है कि पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद अब हवाएं दोबारा उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलनी शुरू होंगी। इससे प्रदेश में शीत लहर की स्थिति बनेगी और लोगों को ठंड का एहसास और ज्यादा होगा। अभी रात का औसत तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वहीं दिन का तापमान पिछले 24 घंटे में 1 डिग्री तक गिरा है। सुबह के समय कई इलाकों में हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। इस दौरान अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है।

नवंबर में हरियाणा में रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है। इस बार पूरे महीने में केवल 0.8 एमएम बारिश दर्ज हुई है, जो कि सामान्य से 79 प्रतिशत कम है। ऐसा 25 साल बाद हुआ है। इससे पहले 2011, 2016, 2021 और 2024 में नवंबर में बारिश नहीं हुई थी। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि नवंबर माह की बारिश गेहूं की फसल के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन इस वर्ष किसान मौसम की अनिश्चितता से परेशान हैं।

पिछले 24 घंटों में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अंबाला में तापमान में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जहां रात का तापमान 2.6 डिग्री बढ़कर 12.5 डिग्री हो गया। वहीं रोहतक में तापमान 1.6 डिग्री बढ़कर 10.2 डिग्री दर्ज किया गया।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 1 दिसंबर से रात का तापमान और गिरेगा तथा प्रदेश में शीत लहर चलेगी। 29 और 30 नवंबर के बीच मौसम में हल्के बादल रहेंगे और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण उत्तर व पश्चिमी हरियाणा में हल्की धुंध तथा दक्षिणी व कुछ मध्य हरियाणा में मध्यम धुंध छा सकती है।

1 दिसंबर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी, जिससे सुबह और शाम ठंड तेज महसूस होगी, हालांकि दिन में हल्की धूप खिली रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।