टोल स्टाफ की गुंडागर्दी: मारपीट और पगड़ी अपमान के बाद हंगामा-ग्रामीण भड़के, टोल तीन घंटे फ्री

अंबाला-हिसार NH-152 पर टोल प्लाजा पर सिख युवक की पगड़ी उतारकर फेंकने की घटना से हंगामा मच गया। ग्रामीणों ने टोल फ्री कर दिया और आरोपी कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने स्थिति संभाली।

टोल स्टाफ की गुंडागर्दी: मारपीट और पगड़ी अपमान के बाद हंगामा-ग्रामीण भड़के, टोल तीन घंटे फ्री
  • अंबाला-हिसार NH-152 पर टोल कर्मियों ने सिख युवक की पगड़ी उतारी
  • घटना से भड़के ग्रामीणों ने टोल प्लाजा को फ्री किया, तीन घंटे बंद रहा टोल
  • कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग


अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 पर स्थित गांव थाना टोल प्लाजा सोमवार शाम उस समय रणक्षेत्र बन गया, जब टोल के कर्मचारियों ने एक सिख युवक के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसकी पगड़ी उतारकर फेंक दी। पगड़ी उतारे जाने जैसी गंभीर और धार्मिक रूप से बेहद संवेदनशील घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण भारी संख्या में टोल प्लाजा पर जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार गुहलाचाहल निवासी नवनीत अपनी गाड़ी से कैथल जा रहे थे। नियमों के अनुसार वे टोल के पास के गांव के निवासी होने के चलते टोल फ्री होने के पात्र थे। लेकिन, टोल कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें रोककर शुल्क की मांग की। नवनीत के पास परमानेंट आईडी उस समय उपलब्ध नहीं थी, जिस पर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने जांच करने की बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी और बात मारपीट तक पहुंच गई।

विवाद के दौरान टोल रूम से लाठियां लेकर कुछ कर्मचारी बाहर आए और नवनीत पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान सिखों की आस्था और मान-सम्मान का प्रतीक पगड़ी को बलपूर्वक उतारकर फेंक दिया गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और सूचना गांवों तक फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने टोल प्लाजा का घेराव कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख अधिकतर टोल कर्मचारी वहां से भाग खड़े हुए। आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप टोल प्लाजा को पूरी तरह फ्री कर दिया, जिसके चलते करीब तीन घंटे तक वाहन बिना शुल्क दिए गुजरते रहे।

इस दौरान मारपीट का वीडियो राहगीरों द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। जानकारी मिलते ही कैथल और पिहोवा से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया।

लेकिन देर रात तक ग्रामीण हमले और पगड़ी उतारने वाले कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और टोल प्लाजा पर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।