सोनाली फोगाट केस का आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में रेव पार्टी के दौरान यूट्यूबर से मारपीट और धमकी देने के आरोप में सोनाली फोगाट केस के आरोपी सुखविंदर को गिरफ्तार किया गया। मामले में अब तक पांच आरोपी पकड़े गए।

सोनाली फोगाट केस का आरोपी गिरफ्तार

➤सोनाली फोगाट केस के आरोपी सुखविंदर फिर गिरफ्तार
➤रेव पार्टी में यूट्यूबर से मारपीट और गोली मारने की धमकी का आरोप
➤पांच आरोपी पकड़े जा चुके, दो को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा


हरियाणा की टिक-टॉक स्टार और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट मर्डर केस में आरोपी रहे सुखविंदर सिंह को गुरुग्राम पुलिस ने एक नए मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सेक्टर-49 स्थित एक क्लब में रेव पार्टी के दौरान उसने कुछ यूट्यूबर्स और पत्रकारों के साथ मारपीट की और उन्हें गोली मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चरखी दादरी के मंडोला निवासी सुखविंदर और रोहतक सेक्टर-72 के निवासी गौरव तनेजा को गिरफ्तार कर लिया है।

साल 2022 में सोनाली की मौत गोवा के कर्लीज रेस्टोरेंट-क्लब में ड्रग्स ओवरडोज से हुई थी। परिवार ने उनके पीए सुधीर सांगवान और दोस्त सुखविंदर सिंह पर हत्या के आरोप लगाए थे। CBI की जांच के बाद दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई, लेकिन आठ महीने बाद दोनों जमानत पर बाहर आ गए।

22 नवंबर की सुबह यूट्यूबर सुनील यादव और पत्रकार मनु मेहता कवरेज के लिए ‘Ha Cha’ शराब अहाते पर पहुंचे थे। उन्हें सूचना मिली थी कि निर्धारित समय के बाद भी वहां शराब परोसी जा रही है और रेव पार्टी चल रही है।

सुनील यादव ने बताया कि वहां मौजूद कुछ लोगों और बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की, चैनल की आईडी छीनी, गोली मारने की धमकी दी और पत्थर मारकर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया।

सेक्टर-50 थाना SHO सुखबीर सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने सुखविंदर और गौरव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वीडियो बनाए जाने पर गुस्सा आ गया था और उन्होंने मारपीट कर दी।

इससे पहले 22 नवंबर को शराब अहाते के मैनेजर सोनू कुमार और दो बाउंसर आनंदललित को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।