Video: सिरसा में दिव्यांग व्यक्ति को ₹1000 की शर्त पर गोबर खिलाने का आरोप
हरियाणा के सिरसा में दिव्यांग व्यक्ति को ₹1000 की शर्त पर गोबर खिलाने और वीडियो वायरल करने का आरोप सामने आया है। शराब के बहाने पशुबाड़े में बुलाने का दावा किया गया है।
- सिरसा में दिव्यांग व्यक्ति से अमानवीय हरकत का आरोप
- ₹1000 की शर्त लगाकर गोबर खिलाने का वीडियो वायरल
- शराब पिलाने के बहाने पशुबाड़े में बुलाने का दावा
हरियाणा के सिरसा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां एक दिव्यांग व्यक्ति को ₹1000 की शर्त लगाकर गोबर खिलाया गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में आरोपी मजाकिया अंदाज में कहते सुने जा रहे हैं कि “खा रहा है यार”, और बार-बार उसे दोहराने के लिए उकसाया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शराब पिलाने के बहाने दिव्यांग व्यक्ति को पशुबाड़े में बुलाया गया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर पैसों की शर्त लगाकर गोबर खाने के लिए मजबूर किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में पीड़ित व्यक्ति घबराया और असहज नजर आ रहा है। आरोप है कि आरोपी न सिर्फ इस हरकत का मजा लेते रहे, बल्कि उसे अपमानित करने वाले शब्द भी कहते रहे। वीडियो के सामने आने के बाद मामला सामाजिक और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा होने के कारण तूल पकड़ता जा रहा है।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि दिव्यांग व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर अपराध है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की मांग की जा रही है।
Akhil Mahajan