टोक्यो ओलंपियन रवि दहिया 30 नवंबर को रचाएंगे शादी, जानें कौन होगी दुल्‍हन

ओलंपियन रवि दहिया 30 नवंबर को शादी करेंगे। दुल्हन रिचा सोनीपत के बिलबिलान गांव की MA छात्रा हैं। 29 नवंबर को सगाई होगी, दोनों परिवारों में उत्साह है।

टोक्यो ओलंपियन रवि दहिया 30 नवंबर को रचाएंगे शादी, जानें कौन होगी दुल्‍हन


ओलंपियन रवि दहिया 30 नवंबर को रचाएंगे शादी
होने वाली दुल्हन रिचा सोनीपत के गांव बिलबिलान से, MA कर रही हैं
29 नवंबर को सगाई, नहरी गांव में तैयारियां शुरू

सुशील मोर


टोक्यो ओलंपिक में देश को रजत दिलाने वाले ओलंपियन रवि दहिया अब अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। सोनीपत में इन दिनों एक ही चर्चा का विषय है कि आखिर वह लड़की कौन है, जिसके साथ रवि दहिया सात फेरे लेने वाले हैं। लोगों में इस बात को लेकर काफी उत्सुकता है कि दुल्हन किस परिवार से है और क्या करती है।

रवि दहिया के परिवार के अनुसार उनकी होने वाली पत्नी का नाम रिचा है। वह सोनीपत जिले के गांव बिलबिलान की रहने वाली हैं और एक किसान परिवार से संबंध रखती हैं। रिचा इस समय MA की पढ़ाई कर रही हैं। उनके परिवार को गांव में मेहनती और सम्मानित परिवार माना जाता है। रिचा का एक छोटा भाई है, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहा है।

उधर रवि दहिया के नहरी गांव स्थित घर में शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं। परिवार ने बताया कि 29 नवंबर को सगाई की रस्म होगी और 30 नवंबर को बारात बिलबिलान गांव जाएगी। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है और गांव वाले भी इस शादी को लेकर उत्साहित हैं।

रवि दहिया इन दिनों दिल्ली सरकार में खेल निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उनका सफर संघर्षों से भरा रहा है। बचपन में खेतों के पास बने अखाड़े से शुरुआत करने वाले रवि की प्रतिभा को कोच हंसराज ने पहचाना और उन्हें आगे बढ़ाया।

इसके बाद उन्हें दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ट्रेनिंग मिली, जहां योगेश्वर दत्त और सुशील कुमार जैसे दिग्गजों को देखकर उनके भीतर कुछ बड़ा करने का जुनून और मजबूत हुआ।

रवि ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम ऊंचा किया है। अब गांव में यह चर्चा है कि “गांव की बेटी रिचा अब ओलंपियन की दुल्हन बनेगी”, जिससे लोगों में उत्साह और गर्व दोनों बढ़ गया है।