मनीषा मौ*त मामले में पिता ने रखीं चार मांगें, सीबीआई रिपोर्ट सार्वजनिक करने की अपील

भिवानी की शिक्षिका मनीषा मौत मामले में पिता संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक को चार मांगें सौंपी हैं। उन्होंने सीबीआई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और अधिकारियों के साथ बैठक कराने की मांग की है।

मनीषा मौ*त मामले में पिता ने रखीं चार मांगें, सीबीआई रिपोर्ट सार्वजनिक करने की अपील
  • शिक्षिका मनीषा मौत मामले में पिता ने पुलिस अधीक्षक को चार मांगें सौंपीं
  • सीबीआई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और ट्रांसफर इंस्पेक्टर को बैठक में बुलाने की मांग
  • पुलिस अधीक्षक ने उच्च अधिकारियों से बात कर जल्द बैठक कराने का दिया आश्वासन

भिवानी की शिक्षिका मनीषा मौत मामले में न्याय की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। मृतका के पिता संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार को चार प्रमुख मांगें सौंपते हुए सीबीआई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और मामले में जल्द बैठक कराने की अपील की है।

संजय कुमार ने मांग की है कि सीबीआई अब तक की जांच रिपोर्ट परिवार के सामने रखे। साथ ही जिन बिंदुओं पर जांच अभी बाकी है, उनकी जानकारी और जांच पूरी होने की समय-सीमा भी स्पष्ट की जाए।

उन्होंने यह भी मांग रखी कि जांच की शुरुआत में शामिल रहे और बाद में स्थानांतरित किए गए सीबीआई इंस्पेक्टर को भी बैठक में बुलाया जाए। इसके अलावा बैठक में उनके परिवार के सदस्यों के साथ गांव के पांच सम्मानित लोगों को भी शामिल करने की अनुमति दी जाए।

पुलिस अधीक्षक ने संजय कुमार को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगें संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी और सीबीआई अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि ढाणी लक्ष्मण गांव निवासी 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा पिछले वर्ष 11 अगस्त को लापता हो गई थीं। दो दिन बाद उनका शव सिंघानी गांव के पास नहर किनारे मिला था। परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाया था। परिवार की मांग पर पहले सामान्य अस्पताल, फिर पीजीआई रोहतक और बाद में एम्स दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया गया था।

मामले को लेकर विरोध बढ़ने पर जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। हालांकि करीब 10 महीने बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

इसी मुद्दे को लेकर 7 जून को गांव में महापंचायत आयोजित की गई थी। इसमें निर्णय लिया गया था कि यदि 29 जून तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई तो मृतका के पिता आमरण अनशन शुरू करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को संजय कुमार अनशन के लिए निकले, लेकिन कुड़लबास गांव के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उन्होंने वहीं सड़क किनारे अनशन शुरू कर दिया। देर शाम पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और सीबीआई अधिकारियों के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद अनशन समाप्त कर दिया गया।