केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया सामुदायिक भवन का उद्घाटन
भिवानी के गांव पुर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
भिवानी के गांव पुर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया
प्रदर्शनी का अवलोकन कर चलाई चक्की, ऐतिहासिक वस्तुओं में दिखाई रुचि
हरियाणा के भिवानी जिले के गांव पुर में रविवार को सर्व कल्याण मंच हरियाणा की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से पहले से व्यापक तैयारियां की गई थीं और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात रहा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों की जानकारी ली।
इस दौरान मनोहर लाल खट्टर ने पारंपरिक चक्की भी चलाई। उन्होंने प्रदर्शनी में रखी पुरानी ऐतिहासिक वस्तुओं को ध्यान से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में सांसद धर्मबीर सिंह, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गांव पुर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे।
pooja