मंडी के उरला में मलबा गिरने से सड़क मार्ग बाधित, NHAI ने किया बहाल

मंडी के उरला के पास भारी मलबा सड़क पर गिरने से मार्ग करीब दो घंटे बाधित रहा। NHAI ने मलबा हटाकर फंसी कार को सुरक्षित निकाला और यातायात बहाल किया।

मंडी के उरला में मलबा गिरने से सड़क मार्ग बाधित, NHAI ने किया बहाल

उरला के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से सड़क बाधित

■ दलदल में फंसी कार को NHAI ने सुरक्षित निकाला

■ करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल


मंडी जिला के पद्धर उपमंडल में उरला के समीप तालगहर के पास शुक्रवार को पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इसके चलते सड़क मार्ग करीब पौने दो घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। सड़क पर अचानक मलबा आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मलबा सड़क पर गिरने के दौरान एक कार भी दलदल में फंस गई। कार सवारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। लगातार करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को पूरी तरह साफ कर दिया गया।

इस दौरान दलदल में फंसी कार को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मलबा हटने के बाद सड़क मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने और यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।