शादी के 12 दिन बाद NRI युवक की सड़क हादसे में मौत, इसी हफ्ते लौटना था न्यूजीलैंड
कुरुक्षेत्र में NH-152 पर सड़क हादसे में शादी के 12 दिन बाद NRI युवक की मौत हो गई। ट्रक के अचानक ब्रेक से कार टकराई, दोस्त घायल हुआ।
➤ शादी के 12 दिन बाद NRI युवक की दर्दनाक मौत
➤ ट्रक के अचानक ब्रेक से कार पीछे से टकराई
➤ न्यूजीलैंड लौटने से पहले ही बुझ गया घर का चिराग
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक नवविवाहित परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। इस्माइलबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 पर हुए इस हादसे में 26 वर्षीय NRI युवक गौरव कुमार उर्फ साहिल की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया।
मृतक गौरव कुमार मूल रूप से खरींडवा गांव का रहने वाला था और न्यूजीलैंड में रहता था। वह पिछले महीने 19 अप्रैल को शादी करने के लिए भारत आया था और इसी सप्ताह उसे वापस न्यूजीलैंड लौटना था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
जानकारी के अनुसार गौरव अपने दोस्त अंकित के साथ किसी निजी काम से पिहोवा गया था। काम खत्म करने के बाद दोनों कार से वापस घर लौट रहे थे। कार गौरव चला रहा था और अंकित उसके साथ बैठा था।
रात करीब 10:30 बजे जमींदारा ढाबा के पास उनकी कार के आगे चल रहे ट्रक (HR63E-1414) के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक मार दी और कट लिया। इससे संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी राहगीर ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत पिहोवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। शादी के महज 12 दिन बाद बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर थाना इस्माइलाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan