कुरुक्षेत्र में SIR ड्यूटी से गायब ग्राम सचिव सस्पेंड: दो नोटिस का नहीं दिया जवाब, मीटिंग में भी रहे गैरहाजिर; DC का एक्शन

कुरुक्षेत्र में SIR ड्यूटी में लापरवाही पर DC विश्राम कुमार मीणा ने शाहाबाद ब्लॉक के ग्राम सचिव निमित कुमार को सस्पेंड कर दिया। ग्राम सचिव समीक्षा बैठक से गैरहाजिर रहे और दो नोटिस के बावजूद न जवाब दिया और न अधिकारियों के सामने पेश हुए।

कुरुक्षेत्र में SIR ड्यूटी से गायब ग्राम सचिव सस्पेंड: दो नोटिस का नहीं दिया जवाब, मीटिंग में भी रहे गैरहाजिर; DC का एक्शन

शाहाबाद के बूथ नंबर-135 पर अतिरिक्त स्टाफ के रूप में लगी थी ग्राम सचिव निमित कुमार की ड्यूटी

मीटिंग से गैरहाजिर रहने के बाद दो बार नोटिस भेजे गए, न जवाब दिया और न अधिकारियों के सामने हुए पेश

कुरुक्षेत्र में 1.15 लाख से ज्यादा एन्यूमरेशन फॉर्म लंबित, अभियान की समयसीमा 24 जुलाई तक बढ़ी


कुरुक्षेत्र जिले में मतदाता सूची से जुड़े SIR अभियान के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। DC विश्राम कुमार मीणा ने शाहाबाद ब्लॉक के ग्राम सचिव निमित कुमार को सस्पेंड कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, ग्राम सचिव SIR ड्यूटी से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित रहे। इसके बाद उन्हें दो बार नोटिस जारी कर जवाब देने और अधिकारियों के सामने पेश होने का मौका दिया गया, लेकिन उन्होंने न तो कोई लिखित जवाब दिया और न ही कार्यालय में उपस्थित हुए। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

प्रशासन के मुताबिक, निमित कुमार की ड्यूटी शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-135 पर अतिरिक्त स्टाफ के रूप में लगाई गई थी। SIR कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए 3 जुलाई को बैठक बुलाई गई थी, लेकिन वह बैठक में नहीं पहुंचे।

बूथ नंबर-135 पर लगी थी ड्यूटी, समीक्षा बैठक से रहे गैरहाजिर

जिला प्रशासन की ओर से उन बूथों की प्रगति की समीक्षा के लिए 3 जुलाई को बैठक आयोजित की गई थी, जहां SIR कार्य संतोषजनक गति से आगे नहीं बढ़ रहा था। बैठक में संबंधित BLO, BLO सुपरवाइजर और अतिरिक्त स्टाफ को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।

ग्राम सचिव निमित कुमार को भी बैठक में शामिल होना था, लेकिन वह बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर रहे। प्रशासन ने इसे चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही के रूप में लिया और उनसे स्पष्टीकरण मांगा।

पहले कारण बताओ नोटिस, फिर भेजा गया दूसरा पत्र

बैठक में अनुपस्थित रहने के बाद ग्राम सचिव को 3 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उन्हें अगले दिन कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद 4 जुलाई को दूसरा पत्र जारी किया गया और 5 जुलाई को कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद ग्राम सचिव न तो अधिकारियों के सामने पेश हुए और न ही उन्होंने कोई लिखित जवाब दिया।

जवाब नहीं मिलने पर DC ने किया सस्पेंड

लगातार निर्देशों और नोटिस के बावजूद जवाब नहीं देने को प्रशासन ने SIR अभियान में सहयोग नहीं करने और गंभीर लापरवाही के रूप में लिया। इसके बाद DC विश्राम कुमार मीणा ने विभागीय कार्रवाई करते हुए निमित कुमार को ग्राम सचिव के पद से सस्पेंड कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO), थानेसर का कार्यालय रहेगा।

24 जुलाई तक बढ़ी एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की समयसीमा

उधर, DC विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि अब 24 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। जिन मतदाताओं के फॉर्म अभी तक जमा नहीं हुए हैं, उनके लिए BLO घर-घर जाकर प्रक्रिया पूरी कराएंगे।

जिन नागरिकों का फॉर्म अभी तक जमा नहीं हुआ है, वे अपने संबंधित BLO से संपर्क कर इसे जमा कर सकते हैं। प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिक से अधिक लंबित फॉर्म जमा कर डिजिटाइज किए जाएं।

जिले में 1.15 लाख से ज्यादा फॉर्म अभी भी लंबित

कुरुक्षेत्र जिले में कुल 7 लाख 83 हजार 831 मतदाता हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 6 लाख 68 हजार 239 मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म जमा होकर डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जबकि 1 लाख 15 हजार 502 फॉर्म अभी भी लंबित हैं।

विधानसभा क्षेत्र के अनुसार, थानेसर में 52 हजार 547, पिहोवा में 24 हजार 642, लाडवा में 19 हजार 327 और शाहाबाद में 18 हजार 986 एन्यूमरेशन फॉर्म लंबित बताए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को अभियान में तेजी लाने और समयसीमा के भीतर लंबित कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।