पलटी स्विफ्ट डिजायर; एक की मौत, 2 बच्चों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल
कुरुक्षेत्र NH-152 पर स्विफ्ट डिजायर कार साइड लगने से पलट गई। मोहाली निवासी राम सिंह की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत छह लोग घायल हैं। गोगामेड़ी धाम से लौट रहे थे।
➤ NH-152 पर साइड लगने से पलटी स्विफ्ट डिजायर; मोहाली निवासी राम सिंह की मौत
➤ हादसे में 2 बच्चों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल
➤ गोगामेड़ी धाम से माथा टेककर चंडीगढ़ लौटते समय हुआ हादसा
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 152 पर बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आई एक कार द्वारा साइड मारने से स्विफ्ट डिजायर का संतुलन बिगड़ गया और वह कई बार पलटते हुए सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसा सोमवार सुबह का बताया जा रहा है, जिसमें कार चला रहे 46 वर्षीय राम सिंह निवासी बाकरपुर, जिला मोहाली की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार 2 बच्चों समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने घायल यात्रियों को राहगीरों की मदद से प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक कुछ देर रुककर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक राम सिंह अपनी बेटी वीरेंद्र कौर और अन्य परिजनों के साथ राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोगामेड़ी धाम से माथा टेककर चंडीगढ़ वापस लौट रहे थे। उन्होंने अपने दोस्त हरमीत सिंह की स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर CH01 BF-0524) यात्रा के लिए ली थी।
घायल वीरेंद्र कौर ने बताया कि जब वे NH-152 पर धनीरामपुरा गांव के पास पहुंचे, तभी कैथल की तरफ से आ रही कार (नंबर HR05AP-8731) ने अचानक क्रॉस करते समय साइड मार दी। तेज टक्कर लगने से उनकी कार पलट गई और सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी।
हादसे के बाद कार में सवार सभी लोग अंदर फंस गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आज राम सिंह का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की आगे जांच में जुटी है।
Author1