हरियाणा में दो हादसों में चार युवकों की मौत
गुरुग्राम NH-48 पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। दोनों कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे।
-
करनाल और गुरुग्राम में दो अलग-अलग हादसों में दो-दो लोगों की मौत
-
करनाल में कार डिवाइडर से टकराकर ट्रक से भिड़ी, ट्रक चालक की भी मौत
-
गुरुग्राम में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दोनों युवक मृत
हरियाणा में बीती शनिवार की रात करनाल और गुरुग्राम में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने चार परिवारों को शोक में डुबो दिया। करनाल के इंद्री-लाडवा रोड और गुरुग्राम के दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुए हादसों में दोनों जगहों पर दो-दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
करनाल में यह हादसा खानपुर गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ। इंद्री से लाडवा की ओर जा रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार यशविन और हिमांशु उसमें बुरी तरह फंस गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यशविन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
हादसे में ट्रक चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर मलबा फैल गया। कार सवार घायल युवक हिमांशु को दिल्ली रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार ट्रक ड्राइवर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
यशविन के परिजनों ने बताया कि उसकी बहन सलोनी कनाडा में रहती है और हाल ही में वहां गई है। परिवार ने कहा कि बहन के भारत लौटने के बाद ही सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। यशविन लाडवा में अपने मामा के इमिग्रेशन ऑफिस में काम करता था।
उधर, गुरुग्राम में NH-48 पर मानेसर सेक्टर-8 कट के पास रात करीब 10 बजे पिकअप वैन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार अंकुश पाल और विकास बाबू की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मजदूरी करते थे और शिफ्ट पूरी करके अपने किराए के कमरे नाहरपुर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
Author1