कैथल के गांव टयोंठा में पानी निकासी को लेकर खूनी झगड़ा
कैथल के गांव टयोंठा में पानी निकासी को लेकर पड़ोसियों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और गंडासियों से हमला कर दिया। दंपती समेत बेटी घायल हुई है।
कैथल के गांव टयोंठा में पानी निकासी को लेकर खूनी झगड़ा
पड़ोसियों ने परिवार पर लाठी-डंडों और गंडासियों से किया हमला
दंपती समेत बेटी घायल, पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही
हरियाणा के कैथल जिले के गांव टयोंठा में पानी की निकासी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झगड़े में बदल गया। आरोप है कि पड़ोस के कई लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और गंडासियों से हमला कर दिया, जिसमें दंपती समेत उनकी बेटी घायल हो गई।
घटना सोमवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। घायल महिला कृष्णा देवी के अनुसार वह अपने घर का फर्श धो रही थी। इसी दौरान घर का गंदा पानी पड़ोसियों के मकान की तरफ से होकर नाले में जा रहा था। इसे लेकर पड़ोसियों ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
हमले के बारे में बताते हुए घायल महिला कृष्णा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी पक्ष के लोग अपने घरों से डंडे, लाठियां और गंडासियां लेकर बाहर आए और परिवार पर हमला कर दिया। कृष्णा देवी ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें घसीटकर अपने घर में ले जाकर मारपीट की। इस दौरान उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
महिला का कहना है कि जब उनकी बेटी और सास बचाव के लिए आगे आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। बाद में जब उनका पति घर पहुंचा तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया। हमले के बाद घायल परिवार इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। घायल परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।
पूंडरी थाना के SHO शिवकुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
pooja