भ्रूण लिंग जांच में पकड़े JJP नेता सलाखों के पीछे : कोर्ट में पेशी से पहले बिगड़ी तबीयत, सहयोगी को रिमांड पर लिया

हिसार में भ्रूण लिंग जांच मामले में पकड़े गए JJP नेता डॉ. अनंतराम बरवाला को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। सहयोगी को रिमांड, जांच तेज।

भ्रूण लिंग जांच में पकड़े JJP नेता सलाखों के पीछे : कोर्ट में पेशी से पहले बिगड़ी तबीयत, सहयोगी को रिमांड पर लिया
  • भ्रूण लिंग जांच में पकड़ा गया JJP नेता कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा
  • पेशी से पहले बिगड़ी तबीयत, अस्पताल से इलाज के बाद कोर्ट लाया गया
  • सहयोगी सूरजमल को रिमांड, अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसता जा रहा


हिसार में भ्रूण लिंग जांच जैसे गंभीर अपराध में पकड़े गए जेजेपी नेता डॉ. अनंतराम बरवाला को अदालत ने बड़ा झटका दिया है। शुक्रवार को हिसार कोर्ट में पेशी के बाद कोर्ट ने डॉ. अनंतराम बरवाला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। यह मामला राज्य में पीएनडीटी एक्ट के तहत चल रही सख्त कार्रवाई के बीच सामने आया है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।

कोर्ट में पेशी के दौरान डॉ. अनंतराम बरवाला के साथ उनके सहयोगी सुरजमल, महिला प्रेम और प्रियंका को भी पुलिस द्वारा पेश किया गया। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से मौके से बरामद अल्ट्रासाउंड मशीन, दवाइयों और नकदी से जुड़े साक्ष्य रखे गए। सुनवाई के बाद कोर्ट ने डॉ. अनंतराम को जेल भेजते हुए सहयोगी सुरजमल को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। वहीं महिला आरोपी प्रियंका ने जमानत याचिका दायर की है, जिस पर अदालत में कल दोबारा सुनवाई होगी।

पेशी से पहले मामले में एक और नाटकीय मोड़ उस समय आया, जब डॉ. अनंतराम बरवाला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराहट और चक्कर आने की शिकायत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर कम पाया। प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी देकर उन्हें कड़ी सुरक्षा में कोर्ट लाया गया।

यह पूरा मामला गुरुवार को उस समय उजागर हुआ था, जब हिसार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने आजाद नगर इलाके में स्थित एक निजी क्लीनिक पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम ने मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, गर्भपात की दवाइयां और नशीली गोलियां बरामद कीं। जांच में सामने आया कि बिना किसी वैध फॉर्म-एफ के गर्भवती महिला का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 29 जनवरी को सुबह करीब 10 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पूरी कार्रवाई की गई। टीम ने नकली ग्राहक बनाकर महिला को 35 हजार रुपये के नंबर लिखे नोट देकर क्लीनिक भेजा। महिला से तय रकम लेने के बाद उसे ऊपर बने कमरे में ले जाया गया, जहां लिंग जांच की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने छापा मारकर सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

सर्च के दौरान कमरे से 20 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां, कई एमटीपी किट और एनडीपीएस श्रेणी की 210 गोलियां भी बरामद की गईं। जांच में यह भी सामने आया कि 10 हजार रुपये नकद डॉ. सुरजमल के पास से बरामद किए गए।

पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि पुराने रिकॉर्ड भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं, ताकि केस को और मजबूत किया जा सके। इस कार्रवाई में पीएनडीटी नोडल अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और जिला स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम शामिल रही। पुलिस ने इस मामले में डॉ. अनंतराम बरवाला समेत पांच लोगों के खिलाफ 23 धाराओं में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।