एयरफोर्स का सपना अधूरा... फार्म भरने जा रहे थे तीन दोस्‍ता, कार हादसे में दो की मौत, एक गंभीर

झज्जर में ट्रक और कार की भीषण टक्कर में दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। तीनों एयरफोर्स भर्ती से जुड़े काम के लिए जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एयरफोर्स का सपना अधूरा... फार्म भरने जा रहे थे तीन दोस्‍ता, कार हादसे में दो की मौत, एक गंभीर

ट्रक और कार की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
एयरफोर्स का फॉर्म भरवाने जा रहे थे तीनों दोस्त, एक का चयन हो चुका था
पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की


हरियाणा के झज्जर में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। भदानी गांव के तीन दोस्त मुकुल, निशांत और दीपक एयरफोर्स भर्ती से जुड़े काम के लिए झज्जर जा रहे थे। इसी दौरान झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर पुलिस लाइन के पास उनकी आई-10 कार पहले पीछे से एक पिकअप की टक्कर का शिकार हुई और कुछ ही क्षण बाद सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में मुकुल और निशांत की मौत हो गई, जबकि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्टेयरिंग चालक की छाती में फंस गया और कार की खिड़कियां काटकर युवकों को बाहर निकालना पड़ा। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और तीनों को एंबुलेंस की मदद से झज्जर नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

गाड़ी के कई टुकड़े टूटकर कई फीट दूर जाकर झाड़ियों में गिरे।

अस्पताल में उपचार के दौरान निशांत ने दम तोड़ दिया। वहीं मुकुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक दीपक का इलाज झज्जर के एडवांटा अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह हादसा इसलिए भी बेहद दुखद है क्योंकि दीपक का हाल ही में एयरफोर्स में चयन हुआ था और कुछ दिनों बाद उसकी जॉइनिंग होनी थी। वहीं मुकुल ने भी एयरफोर्स की परीक्षा पास कर ली थी और वह अंतिम मेरिट सूची का इंतजार कर रहा था। तीनों दोस्त अपने साथी निशांत का एयरफोर्स आवेदन भरवाने झज्जर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

खिड़कियां काटकर युवकों को बाहर निकाला गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले पीछे से आई एक पिकअप ने कार को टक्कर मारी, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।