हरियाणा के कबड्डी खिलाड़ी की सड़क हादसे में मौत, बारात से लौटते समय ट्रक से टकराई कार

झज्जर के दुल्हेड़ा गांव के पास ट्रक और कार की भीषण टक्कर में 20 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी हिमांशु की मौत हो गई। हादसे में 3 से 4 अन्य खिलाड़ी घायल हुए हैं और उनका PGI रोहतक में इलाज चल रहा है।

हरियाणा के कबड्डी खिलाड़ी की सड़क हादसे में मौत, बारात से लौटते समय ट्रक से टकराई कार

झज्जर में भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी की मौत

कार में सवार 3 से 4 साथी खिलाड़ी गंभीर घायल, PGI रोहतक रेफर

बारात से लौटते समय हुआ हादसा, CCTV में कैद हुई पूरी घटना


हरियाणा के झज्जर जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी की मौत हो गई, जबकि उसके साथ कार में सवार 3 से 4 अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दुल्हेड़ा गांव के पास कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में भी कैद हो गई।

मृतक की पहचान हिमांशु, पुत्र सतीश, निवासी गांव भंडारी, जिला पानीपत के रूप में हुई है। हिमांशु की उम्र करीब 20 वर्ष थी और वह रोहतक के बहु अकबरपुर में रहकर कबड्डी की प्रैक्टिस करता था।

जानकारी के अनुसार, हिमांशु अपने 3 से 4 खिलाड़ी साथियों के साथ बहादुरगढ़ में एक बारात में शामिल होने गया था। देर रात सभी कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दुल्हेड़ा गांव के पास उनकी कार की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए PGI रोहतक रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं खेल जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई। हिमांशु को एक उभरते हुए कबड्डी खिलाड़ी के रूप में जाना जाता था।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।