जम्मू-कश्मीर में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 11 को एयरलिफ्ट किया-21 सवार थे

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का वाहन 400 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 10 जवानों की मौत हुई, जबकि 11 को एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया।

जम्मू-कश्मीर में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 11 को एयरलिफ्ट किया-21 सवार थे

➤ जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना का वाहन 400 फीट गहरी खाई में गिरा
➤ हादसे में 10 जवानों की मौत, 11 घायल जवान एयरलिफ्ट
➤ भद्रवाह-चंबा रोड पर ऊपरी पोस्ट जाते समय हुआ हादसा



श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेना का एक वाहन ऊपरी पोस्ट की ओर जाते समय 400 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में देश ने अपने 10 वीर जवानों को खो दिया, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

खाई में गिरने से 4 जवानों की मौत हो गई।

सेना के अधिकारियों के अनुसार वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। सभी जवान डोडा से भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड के जरिए ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। खन्नी टॉप के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।

घायल जवानों को हेलिकॉप्टर से हादसे वाली जगह से एयरलिफ्ट किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य में हेलिकॉप्टर की मदद ली गई। घायल जवानों को घटनास्थल से एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

एयरलिफ्ट करके घायल जवानों को उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

अस्पताल पहुंचने पर घायलों का तुरंत इलाज शुरू किया गया।

हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि डोडा में हुए सड़क हादसे में जिन वीर जवानों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर दुख जताया है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।